तेलंगाना में दिल दहला देने वाली वारदात: POCSO आरोपी ने रेप पीड़िता समेत 6 लोगों की हत्या की, फिर हुआ फरार
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शहाबाद थाना क्षेत्र में POCSO मामले के आरोपी ने जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद कथित तौर पर नाबालिग रेप पीड़िता, उसकी मां और नानी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी पत्नी और दो बच्चों की भी जान ले ली। छह हत्याओं के बाद आरोपी ने अपने परिजनों को फोन कर वारदात की जानकारी दी और आत्महत्या करने की बात कही, लेकिन तब से वह फरार है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है, जो रंगारेड्डी जिले के शहाबाद मंडल का रहने वाला है। उस पर पहले से एक नाबालिग से जुड़े POCSO केस में मुकदमा चल रहा था और हाल ही में उसे जमानत मिली थी। आरोप है कि जेल से बाहर आते ही उसने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आरोपी ने रात के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर हत्याएं कीं। वारदात के बाद उसने अपने पिता को फोन कर बताया कि उसने दोनों परिवारों को खत्म कर दिया है और अब आत्महत्या करने जा रहा है। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी की तलाश के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं और विभिन्न इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
फ्यूचर सिटी के पुलिस कमिश्नर तरुण जोशी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने दो अलग-अलग जगहों पर हत्याएं कीं। वारदात के बाद उसने अपने पिता को फोन कर अपराध स्वीकार किया। पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद है।
Comments are closed.