महाराष्ट्र के हॉस्टल में खाना खाने के बाद 40 छात्र बीमार, 25 अस्पताल में भर्ती; फूड पॉइजनिंग की आशंका
नंदुरबार: महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के शहादा स्थित सामाजिक न्याय एवं विशेष सहायता विभाग (सोशल वेलफेयर) के छात्रावास में खाना खाने के बाद 40 छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें से 25 छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी छात्रों का प्राथमिक उपचार किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर मिताली सेठी शहादा के ग्रामीण अस्पताल पहुंचीं और भर्ती छात्रों का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में बच्चों में फूड पॉइजनिंग और गैस्ट्राइटिस के लक्षण मिले हैं।
कलेक्टर ने बताया कि भर्ती 25 छात्रों में 20 का इलाज शहादा ग्रामीण अस्पताल में चल रहा है, जबकि पांच छात्रों को ऑक्सीजन और ब्लड प्रेशर संबंधी दिक्कत होने के कारण आईसीयू में रखा गया है। हालांकि सभी छात्रों की हालत अब स्थिर है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अधिकांश छात्रों की तबीयत में सुधार हो रहा है और चिकित्सकीय निगरानी के बाद उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी। प्रशासन ने अस्पताल में मौजूद छात्रों के अभिभावकों के रहने और भोजन की भी व्यवस्था की है।
खाने और उल्टी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए
घटना के कारणों का पता लगाने के लिए छात्रावास में परोसे गए भोजन और छात्रों की उल्टी के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। कलेक्टर मिताली सेठी ने कहा कि लैब रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदारी तय की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
उन्होंने बताया कि छात्रावास के प्रधानाध्यापक, वार्डन और समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस भी मामले की जांच में जुटी है और अभिभावकों के साथ समन्वय बनाकर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
हर 15 दिन में होगी समीक्षा
कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन अगले दो महीनों तक छात्रावास की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करेगा। जरूरत पड़ने पर जिला निधि से अतिरिक्त धन भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त होने तक वह स्वयं हर 15 दिन में छात्रावास की समीक्षा करेंगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Comments are closed.