मध्य पूर्व संघर्ष में 16 भारतीयों की मौत, 75 घायल; सरकार ने संसद में दी जानकारी
मध्य पूर्व में इस साल शुरू हुए संघर्ष का असर भारतीय नागरिकों पर भी पड़ा है। सरकार ने संसद को बताया कि ईरान-इजरायल-अमेरिका तनाव के बीच अब तक 16 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 75 अन्य घायल हुए हैं।
विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने राज्यसभा में सीपीआई(एम) सांसद जॉन ब्रिटास के सवाल के लिखित जवाब में बताया कि 2026 में मध्य पूर्व में संघर्ष शुरू होने के बाद 16 भारतीयों की जान गई है। मृतकों में 10 भारतीय जहाजी कर्मी (सीफेयरर्स) भी शामिल हैं।
मंत्री के अनुसार, मृतकों में सऊदी अरब में एक, कुवैत में दो, ओमान में आठ, इराक में एक और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में चार भारतीय शामिल हैं। इसके अलावा संघर्ष के दौरान 75 भारतीय नागरिक घायल हुए, जिनका स्थानीय अस्पतालों में उपचार कराया गया।
सरकार ने बताया कि क्षेत्र में स्थित भारतीय दूतावासों और मिशनों ने घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई। दूतावासों ने प्रभावित परिवारों से लगातार संपर्क बनाए रखा और जरूरत पड़ने पर भारत लौटने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की।
विदेश राज्य मंत्री ने यह भी बताया कि संघर्ष से अलग एक दुर्घटना में कतर के रास लफ्फान गैस सुविधा में 12 भारतीयों की मौत हुई थी। सरकार ने मृतकों के पार्थिव शरीर भारत लाने और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की।
सरकार के मुताबिक, संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में कार्यरत भारतीय जहाजी कर्मियों के लिए 10 लाख रुपये के एक्स-ग्रेशिया मुआवजे का भी प्रावधान किया गया है।
Comments are closed.