कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, अरुणाचल में बाढ़ से 5 जवान लापता; पहाड़ों में भूस्खलन का खतरा
मौसम विभाग ने आज देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के अलावा पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश, असम और सिक्किम में लगातार बारिश के चलते बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
अरुणाचल प्रदेश के दिबांग घाटी जिले में अचानक आई बाढ़ ने सेना के एक शिविर को प्रभावित किया। बाढ़ के तेज बहाव में दो आश्रय स्थल बह गए, जिसके बाद पांच सैन्यकर्मियों के लापता होने की सूचना है। वहीं, ऊपरी सुबनसिरी जिले में सड़क निर्माण स्थल पर भूस्खलन की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई।
दिल्ली-NCR में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
दिल्ली-एनसीआर में आज कई इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
यूपी के कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, कानपुर, बिजनौर, सहारनपुर, शामली, बदायूं, शाहजहांपुर, इटावा, लखीमपुर खीरी, औरैया, जालौन, हमीरपुर, फिरोजाबाद, अयोध्या, बस्ती, बुलंदशहर, गाजीपुर, गोरखपुर, प्रयागराज और देवरिया में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
बिहार में भी बिगड़ेगा मौसम
बिहार के पश्चिम चंपारण, सिवान, गोपालगंज, सारण, पूर्वी चंपारण, पटना, गया, भोजपुर, बक्सर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, कटिहार, भागलपुर, खगड़िया और बेगूसराय में भारी बारिश और तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
पूर्वोत्तर में बाढ़ और भूस्खलन से हालात गंभीर
अरुणाचल प्रदेश, असम और सिक्किम में लगातार हो रही भारी बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अरुणाचल प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ और भूस्खलन से सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। असम में नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई इलाके प्रभावित हैं, जबकि सिक्किम में भी भूस्खलन की घटनाओं के बाद प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। लगातार बारिश को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को प्रशासन की सलाह का पालन करने को कहा गया है।
Comments are closed.