UGC-NET में गड़बड़ी से NTA पर फिर उठे सवाल, तीन विषयों की परीक्षा दोबारा होगी

0

UGC-NET पर फिर उठे सवाल, तीन विषयों की परीक्षा रद्द; सितंबर में दोबारा होगा एग्जाम

NEET से जुड़े विवादों के बाद अब UGC-NET परीक्षा में भी गंभीर गड़बड़ियां सामने आई हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र विषयों की परीक्षा रद्द कर दी है। इन तीनों विषयों की परीक्षा अब सितंबर में दोबारा आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों से इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।

NTA के अनुसार, अंग्रेजी और कॉमर्स की परीक्षा 9 सितंबर 2026 को, जबकि समाजशास्त्र की परीक्षा 10 सितंबर को होगी। परीक्षा केंद्र, शहर और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रश्नपत्रों में कई तरह की खामियां मिलीं

NTA ने परीक्षा रद्द करने के पीछे प्रश्नपत्रों में मिली कई गंभीर त्रुटियों का हवाला दिया है। इनमें तथ्यात्मक और टाइपिंग संबंधी गलतियां, अनुवाद में खामियां, प्रसिद्ध विद्वानों के नामों की गलत स्पेलिंग, पुस्तकों के गलत शीर्षक और सवालों की भाषा, व्याकरण, लिंग व वचन से जुड़ी त्रुटियां शामिल हैं।

एजेंसी के मुताबिक, जांच में यह भी सामने आया कि इन तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों में बड़ी संख्या में ऐसे सवाल थे जो पहले की परीक्षाओं में पूछे जा चुके थे। NTA ने कहा कि इतनी व्यापक गड़बड़ियों को केवल सामान्य आपत्ति प्रक्रिया के जरिए सुधारना संभव नहीं था, इसलिए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया।

9 और 10 सितंबर को होगी दोबारा परीक्षा

दोबारा परीक्षा का शेड्यूल इस प्रकार है:

अंग्रेजी: 9 सितंबर, शिफ्ट-1, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
कॉमर्स: 9 सितंबर, शिफ्ट-2, दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक
समाजशास्त्र: 10 सितंबर, शिफ्ट-1, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक

84 विषयों की आंसर की जारी

UGC-NET के कुल 87 विषयों में से 84 की आंसर की जारी कर दी गई है। अभ्यर्थी 18 अगस्त रात 11:59 बजे तक उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इन 84 विषयों के परिणाम निर्धारित समय पर घोषित किए जाएंगे।

NTA ने कहा कि तीन विषयों की दोबारा परीक्षा के कारण JRF सीटों के आवंटन, असिस्टेंट प्रोफेसर की पात्रता और PhD दाखिले के लिए ई-सर्टिफिकेट जारी करने में देरी नहीं होगी।

दोबारा परीक्षा देने वालों के लिए भी तय रहेगा पात्रता अनुपात

NTA ने स्पष्ट किया है कि तीनों विषयों की दोबारा परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के हितों का ध्यान रखा जाएगा। असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए योग्य उम्मीदवारों की संख्या जून 2026 की परीक्षा और दोबारा परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों की संख्या के छह प्रतिशत के अनुपात के आधार पर तय की जाएगी।

JRF, असिस्टेंट प्रोफेसर और PhD दाखिले के लिए विषयवार पात्रता का निर्धारण सूचना बुलेटिन में दिए नियमों के अनुसार होगा। प्रत्येक विषय के लिए पहले से निर्धारित सीटों या पात्रता संख्या में किसी भी तरह की कटौती नहीं की जाएगी।

Comments are closed.