मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग और उनके परिवार ने आयरलैंड में एक ऐतिहासिक महल खरीदा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने काउंटी वॉटरफोर्ड में स्थित करीब 200 साल पुराने स्ट्रैंकली कैसल को अपने नाम किया है। हालांकि, इस सौदे की आधिकारिक कीमत सार्वजनिक नहीं की गई है।
तीन मंजिला यह महल गॉथिक रिवाइवल शैली में निर्मित है और डबलिन से लगभग 150 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। इसका निर्माण 1827 में एक ब्रिटिश राजनेता के लिए कराया गया था। पिछले दो दशकों में इसके पूर्व मालिकों ने महल की मरम्मत और बड़े पैमाने पर नवीनीकरण कराया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह संपत्ति एलेन-बकली परिवार से ऑफ-मार्केट डील के तहत खरीदी गई है। चूंकि सौदा खुले बाजार में नहीं हुआ, इसलिए इसकी बिक्री कीमत की जानकारी सामने नहीं आई है। महल के पूर्व मालिकों में माइकल एलेन-बकली भी शामिल रहे हैं, जो लंदन की प्राइवेट इन्वेस्टमेंट फर्म आरएबी कैपिटल के सह-संस्थापक हैं।
जुकरबर्ग के प्रतिनिधि के हवाले से बताया गया है कि मार्क और उनका परिवार इस ऐतिहासिक संपत्ति की देखभाल जारी रखने को लेकर उत्साहित है। परिवार इस महल का इस्तेमाल आयरलैंड में अपने प्रवास के दौरान करेगा।
आयरलैंड में मेटा की भी मजबूत मौजूदगी है। कंपनी के करीब 1,500 कर्मचारी देश में काम करते हैं। डबलिन में मेटा का अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय है, जबकि कॉर्क में वर्चुअल और ऑगमेंटेड रियलिटी से जुड़ा कारोबार संचालित होता है। डबलिन के बाहर कंपनी का एक डेटा सेंटर भी मौजूद है।
फिलहाल सौदे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स में जुकरबर्ग द्वारा महल खरीदे जाने की खबर प्रमुखता से सामने आई है।
Comments are closed.