अमेरिका में 2 लाख विदेशियों के वीजा रद्द करने की तैयारी, ट्रंप प्रशासन का बड़ा कदम

0

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप का प्रशासन करीब 2 लाख ऐसे विदेशियों के बिजनेस और टूरिस्ट वीजा रद्द करने की तैयारी में है, जिन्होंने अमेरिका में शरण के लिए आवेदन किया है या शरण प्रक्रिया में हैं।

यह कदम लागू होने पर अमेरिकी इतिहास में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में वीजा रद्द किए जाने की घटनाओं में से एक हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी विदेश विभाग आने वाले हफ्तों में इस योजना की घोषणा कर सकता है। हालांकि, योजना में बदलाव या कानूनी चुनौती आने की स्थिति में इसकी समयसीमा प्रभावित हो सकती है।

समाचार एजेंसी AP ने विदेश विभाग के दस्तावेजों और अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि प्रस्तावित कार्रवाई में 2016 से 2026 के बीच जारी किए गए B1 और B2 वीजा शामिल हैं। ये वीजा आम तौर पर बिजनेस और पर्यटन जैसे सीमित अवधि के लिए अमेरिका आने वाले लोगों को दिए जाते हैं।

होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के साथ मिलकर हो रही पहचान

विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कहा कि विभाग, होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के साथ मिलकर ऐसे विदेशियों की पहचान कर रहा है, जो विजिटर वीजा पर अमेरिका पहुंचे लेकिन बाद में देश में स्थायी रूप से रहने के लिए शरण का आवेदन कर दिया।

पिगॉट ने संभावित रूप से रद्द किए जाने वाले वीजा की संख्या की पुष्टि नहीं की। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया जारी रहने के साथ यह संख्या बदल सकती है और वीजा रद्द करने की कार्रवाई आगे भी जारी रह सकती है।

वीजा रद्द होने से तत्काल निर्वासन नहीं

अधिकारियों के अनुसार, वीजा रद्द किए जाने का मतलब यह नहीं है कि संबंधित व्यक्ति को तुरंत अमेरिका से बाहर कर दिया जाएगा। जिन लोगों के शरण आवेदन लंबित हैं, वे अपनी शरण याचिका पर प्रक्रिया जारी रख सकते हैं, लेकिन उनका बिजनेस या टूरिस्ट विजिटर स्टेटस प्रभावित होगा।

यह कार्रवाई ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में अमेरिका की वीजा और इमिग्रेशन नीतियों को सख्त करने की व्यापक मुहिम का हिस्सा मानी जा रही है। प्रशासन अवैध आव्रजन पर लगाम लगाने के साथ-साथ वीजा नियमों के उल्लंघन और इमिग्रेशन सिस्टम के इस्तेमाल की भी समीक्षा कर रहा है।

Comments are closed.