UP में 25 लाख युवाओं को मिलेंगे मुफ्त टैबलेट, योगी सरकार ने Gen-Z के लिए खोला खजाना

0

उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को डिजिटल संसाधनों से जोड़ने के लिए बड़ा फैसला लिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख नए टैबलेट खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इन टैबलेट को पात्र युवाओं के बीच निश्शुल्क वितरित किया जाएगा।

कैबिनेट की मंजूरी के बाद टेंडर प्रक्रिया में चयनित कंपनियों को टैबलेट की आपूर्ति के लिए क्रय आदेश जारी किए जाएंगे। योजना के तहत स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, कौशल विकास और अन्य शिक्षण-प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल पात्र युवाओं को इसका लाभ मिलेगा।

वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के मुताबिक, योजना के दायरे में उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, स्वास्थ्य शिक्षा, कौशल विकास प्रशिक्षण और आइटीआइ से जुड़े पंजीकृत युवा भी शामिल हैं। टैबलेट मिलने से विद्यार्थियों और प्रशिक्षण ले रहे युवाओं को पढ़ाई व कौशल विकास के दौरान डिजिटल संसाधनों तक बेहतर पहुंच मिल सकेगी।

2026-27 के लिए 2,374 करोड़ रुपये का प्रावधान

स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना पांच वर्षों के लिए लागू की गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसके लिए 2,374.60 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। सरकार एक टैबलेट करीब 17 हजार रुपये की लागत से खरीदेगी।

सरकार के अनुसार, योजना के तहत अब तक करीब 60 लाख टैबलेट और स्मार्टफोन पात्र युवाओं को वितरित किए जा चुके हैं। नए 25 लाख टैबलेट के वितरण से डिजिटल शिक्षा और कौशल विकास से जुड़े युवाओं की संख्या और बढ़ेगी।

कैबिनेट बैठक में युवाओं से जुड़े अन्य फैसले भी लिए गए। इससे पहले मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में अगले छह महीनों में एक लाख युवाओं को रोजगार देने की घोषणा की थी। वहीं, मेडिकल छात्रों के इंटर्नशिप भत्ते में भी दो गुना से अधिक बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई।

Comments are closed.