दिल्ली में आज से ₹35 किलो मिलेगा प्याज, देश के इन शहरों में भी सस्ती बिक्री शुरू

0

केंद्र सरकार ने दिल्ली में प्याज की बढ़ती कीमतों से राहत देने के लिए गुरुवार से 35 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर प्याज बेचने का फैसला किया है।

दिल्ली के अलावा चेन्नई, मदुरै, एर्नाकुलम और गुवाहाटी में भी बफर स्टॉक से प्याज की आपूर्ति भेजी जा रही है। केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रल्हाद जोशी गुरुवार को दिल्ली में सब्सिडी वाली प्याज बिक्री की शुरुआत करेंगे। बाजार में उतारा जा रहा प्याज 2026 के लिए उत्पादक राज्यों में बनाए गए 1.21 लाख टन के बफर स्टॉक से लिया गया है। इसकी बिक्री नाफेड, एनसीसीएफ और केंद्रीय भंडार के जरिए की जाएगी।

एनसीसीएफ के प्रबंध निदेशक एनिस जोसेफ चंद्रा के मुताबिक, दिल्ली में गुरुवार से रियायती दर पर प्याज की बिक्री शुरू होगी और सप्ताहांत तक इसे एनसीआर के अन्य इलाकों तक पहुंचाया जाएगा। एनसीसीएफ के पास करीब 62 हजार टन प्याज का बफर स्टॉक है।

‘कांदा एक्सप्रेस’ से दिल्ली पहुंचेगा प्याज

महाराष्ट्र के नासिक से करीब 400 टन प्याज ‘कांदा एक्सप्रेस’ के जरिए दिल्ली भेजा जा रहा है। इसके गुरुवार तक राजधानी पहुंचने की उम्मीद है। एनसीसीएफ करीब 100 केंद्रीय भंडार स्टोर के माध्यम से इसकी खुदरा बिक्री करेगा।

इसके अलावा, करीब 300 आउटलेट के जरिए बिक्री के लिए मदर डेयरी से भी बातचीत चल रही है। उपभोक्ताओं तक प्याज पहुंचाने के लिए मोबाइल वैन भी तैनात की जा रही हैं।

शुरुआत में 15 मोबाइल वैन के जरिए बिक्री होगी। इनकी संख्या जल्द बढ़ाकर 40 किए जाने की योजना है। एनसीसीएफ के मुताबिक, रेल रेक से आने वाली प्याज की खेप का इस्तेमाल चंडीगढ़, लुधियाना, वाराणसी और अन्य शहरों में भी रियायती बिक्री के लिए किया जाएगा।

इस कदम का उद्देश्य बफर स्टॉक के जरिए बाजार में प्याज की अतिरिक्त आपूर्ति बढ़ाना और खुदरा कीमतों पर दबाव कम करना है।

Comments are closed.