AIIMS CRE Exam में गड़बड़ी के बाद जयपुर के 2 केंद्रों पर परीक्षा रद्द, 7 सितंबर को दोबारा होगा एग्जाम
एम्स नई दिल्ली की ओर से देशभर के एम्स और केंद्रीय सरकारी व स्वायत्त स्वास्थ्य संस्थानों में गैर-शैक्षणिक पदों पर भर्ती के लिए कॉमन रिक्रूटमेंट एग्जामिनेशन (CRE) आयोजित किया जा रहा है।
दो दिवसीय परीक्षा के पहले दिन सोमवार को जयपुर के दो परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ी के चलते परीक्षा रद्द करनी पड़ी। अब इन दोनों केंद्रों पर परीक्षा 7 सितंबर को दोबारा आयोजित की जाएगी।
इन दोनों केंद्रों पर करीब 2,000 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा संचालित करने वाली टीसीएस ने एम्स प्रशासन को बताया कि केंद्रों पर बिजली व्यवस्था फेल होने के कारण परीक्षा में बाधा आई। एम्स प्रशासन ने कहा है कि री-एग्जाम के दौरान ऐसी समस्या दोबारा न हो, इसके लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।
57 पद समूहों में 1,484 रिक्तियां
एम्स प्रबंधन के अनुसार, सीआरई के जरिए विभिन्न संस्थानों में ग्रुप बी और ग्रुप सी के गैर-शैक्षणिक पदों पर भर्ती की जाती है। इसका उद्देश्य अलग-अलग संस्थानों की भर्ती प्रक्रिया को साझा परीक्षा के माध्यम से पूरा करना है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने वर्ष 2021 से इस परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी एम्स नई दिल्ली के परीक्षा अनुभाग को सौंपी है। सीआरई-2026 के तहत 57 पद समूहों में कुल 1,484 रिक्तियां हैं। इनमें जूनियर एडमिनिस्ट्रेटिव असिस्टेंट, सीनियर एडमिनिस्ट्रेटिव असिस्टेंट, डाटा एंट्री ऑपरेटर, पर्सनल असिस्टेंट, स्टेनोग्राफर, पर्सनल सेक्रेटरी, असिस्टेंट सिक्योरिटी ऑफिसर, रिसेप्शनिस्ट, जूनियर मेडिकल रिकॉर्ड ऑफिसर, जूनियर वार्डन, हॉस्टल वार्डन, टेलीफोन ऑपरेटर और सोशल सिक्योरिटी ऑफिसर समेत कई पद शामिल हैं।
30,142 अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण
एम्स के मुताबिक, सीआरई के लिए कुल 30,142 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। सोमवार की पहली पाली में 21,098 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 16,193 ने परीक्षा दी।
देशभर के अन्य परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हुई। जयपुर में टीसीएस द्वारा संचालित आईओएन डिजिटल जोन, सीतापुरा के परीक्षा केंद्र आरजे0101 और आरजे0102 पर तकनीकी समस्या सामने आई।
आरजे0101 केंद्र पर 1,342 और आरजे0102 केंद्र पर 436 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। सीआरई परीक्षा सोमवार और मंगलवार को तीन पालियों में आयोजित की जा रही है। एम्स प्रशासन के अनुसार, जयपुर के इन दो केंद्रों के अलावा देशभर के किसी अन्य केंद्र से परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली है।
Comments are closed.