ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियान का बड़ा बयान, बोले- अमेरिका समझौते पर कायम रहा तो तेहरान भी निभाएगा वादा

0

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने कहा है कि अगर अमेरिका जून में हुए अंतरिम समझौते के तहत अपनी प्रतिबद्धताओं का सम्मान करता है, तो ईरान भी अपने वादे पर कायम रहेगा।

उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब एक दिन पहले ही अमेरिका और ईरान ने एक-दूसरे के ठिकानों पर हमले किए थे। इन हमलों के साथ पश्चिम एशिया में करीब एक महीने से बनी शांति भंग हो गई।

अमेरिका समझौते पर लौटा तो ईरान भी निभाएगा वादा

रॉयटर्स के मुताबिक, पेजेश्कियान ने किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शिखर सम्मेलन के दौरान यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका समझौते के तहत अपनी प्रतिबद्धताओं पर लौटता है, तो ईरान भी तुरंत अपनी प्रतिबद्धताओं का पालन करेगा।

पेजेश्कियान जून में तेहरान और वाशिंगटन के बीच हुए अंतरिम समझौते का जिक्र कर रहे थे। यह समझौता दोनों देशों के बीच संघर्ष खत्म करने की कोशिशों के तहत हुआ था। इससे पहले 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल के ईरान पर हमलों के बाद युद्ध शुरू हुआ था।

समझौता ज्यादा दिन नहीं चल सका

हालांकि, जून में हुआ अंतरिम समझौता ज्यादा समय तक प्रभावी नहीं रह सका। दोनों देशों के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया और सोमवार को एक-दूसरे के ठिकानों पर हमले हुए।

इसी बीच अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि अमेरिका ईरान के खिलाफ अपने आर्थिक दबाव अभियान के तहत इसी सप्ताह उसके बैंकों पर नए प्रतिबंधों की घोषणा कर सकता है।

ट्रंप बोले- ईरान में स्पष्ट नेतृत्व नहीं

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ईरान को लेकर बड़ा दावा किया। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अमेरिका की नई सैन्य कार्रवाई के बाद ईरान में कोई स्पष्ट नेता नजर नहीं आ रहा है।

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान की सैन्य ताकत पहले की तुलना में काफी कमजोर हो गई है। ऐसे में पेजेश्कियान का अमेरिका को समझौते की प्रतिबद्धताओं पर लौटने का संदेश दोनों देशों के बीच बढ़े तनाव के बीच एक अहम कूटनीतिक संकेत माना जा रहा है।

Comments are closed.