बिहार के दियारा क्षेत्र स्थित मानस पंचायत में बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री बांटने के दौरान अफरातफरी का वीडियो सामने आया है।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में बड़ी संख्या में लोग राहत राशन लेने के लिए बाढ़ के पानी में उतरकर नाव तक पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। कई लोग नाव से राहत पैकेट लेने के बाद पानी में कूदते हुए भी नजर आ रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच कराई। अनुमंडलाधिकारी विरुपाक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच दानापुर के अंचलाधिकारी से कराई गई। जांच में वीडियो मानस पंचायत का ही पाया गया।
एसडीओ के मुताबिक, सरकारी नाव से मानस पंचायत के एक वार्ड में बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए सूखा राशन के पैकेट पहुंचाए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बड़ी संख्या में बाढ़ पीड़ित नाव के पास पहुंच गए और राहत सामग्री लेने की कोशिश करने लगे।
नाव पर भीड़ बढ़ने से बिगड़ा संतुलन
अधिक संख्या में लोगों के नाव पर चढ़ने से नाव का संतुलन बिगड़ने लगा। स्थिति को देखते हुए कर्मचारियों की सुरक्षा के मद्देनजर नाव को आगे ले जाने के बजाय मौके पर ही राहत सामग्री लोगों के बीच बांट दी गई।
इसी दौरान राहत पैकेट लेने की होड़ में कई लोग बाढ़ के पानी में उतर गए और नाव तक पहुंचने लगे। इससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई।
वीडियो में दिखाई दे रहा यह दृश्य बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की मुश्किलों और राहत सामग्री की जरूरत को भी सामने लाता है। प्रशासन का कहना है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने और जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाने का काम लगातार जारी है।
Comments are closed.