UN में नेतन्याहू के भाषण के खिलाफ प्रदर्शन, हॉलीवुड सितारों समेत दर्जनों लोग सड़कों पर उतरे

0

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के संयुक्त राष्ट्र महासभा में संबोधन के दौरान न्यूयॉर्क में उनके खिलाफ विरोध-प्रदर्शन हुआ।

प्रदर्शन में हॉलीवुड अभिनेत्री सुसान सरंडन और ‘हैक्स’ सीरीज की अभिनेत्री हन्ना आइबाइंडर समेत दर्जनों लोगों ने हिस्सा लिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।

प्रदर्शनकारियों ने न्यूयॉर्क की सड़कों पर ‘स्टॉप आर्मिंग इजरायल’ और ‘एंड द जेनोसाइड’ जैसे संदेशों वाले बैनर और पोस्टर लेकर विरोध जताया। यह प्रदर्शन यहूदी शांति संगठन ‘ज्यूइश वॉयस फॉर पीस’ की ओर से आयोजित किया गया था और इसका समय नेतन्याहू के UNGA संबोधन से मेल खाता था।

एएफपी के वीडियो फुटेज में न्यूयॉर्क पुलिस अधिकारियों को सुसान सरंडन को हथकड़ी लगाते हुए देखा गया। ‘न्यूयॉर्क पोस्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, हन्ना आइबाइंडर को भी प्रदर्शन स्थल से पुलिस अपने साथ ले गई।

नेतन्याहू के भाषण के दौरान प्रतिनिधियों का वॉकआउट

नेतन्याहू के भाषण के दौरान संयुक्त राष्ट्र महासभा में कई देशों के प्रतिनिधि बाहर चले गए। अपने संबोधन में इजरायली प्रधानमंत्री ने उन देशों की आलोचना की, जिन्होंने हाल में फलस्तीन को एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में मान्यता देने की घोषणा की है।

नेतन्याहू ने ब्रिटेन और फ्रांस का जिक्र करते हुए कहा कि ये देश इजरायल पर उपनिवेशवाद के आरोप लगाते हैं, जबकि ‘उपनिवेशवाद’ शब्द की ऐतिहासिक उत्पत्ति इन्हीं देशों से जुड़ी है।

पहले भी गाजा युद्ध के खिलाफ प्रदर्शन कर चुकी हैं सरंडन

सुसान सरंडन इससे पहले भी गाजा में जारी युद्ध को लेकर आयोजित विरोध-प्रदर्शनों में शामिल रही हैं। हाल ही में वेनिस फिल्म फेस्टिवल के दौरान उन्होंने अपने राजनीतिक विचारों और सार्वजनिक बयानों का जिक्र करते हुए कहा था कि इसके कारण उन्हें काम के अवसरों का नुकसान उठाना पड़ा है।

Comments are closed.