मरीन ड्राइव पर प्लेकार्ड के साथ दिखे CJP प्रमुख अभिजीत दीपके, मुंबई पुलिस ने हिरासत में लेकर छोड़ा

4

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को 2 अक्टूबर के प्रस्तावित प्रदर्शन से एक दिन पहले मुंबई पुलिस ने मरीन ड्राइव से कुछ देर के लिए हिरासत में लिया।

पुलिस के मुताबिक, दीपके अपने समर्थकों के साथ प्लेकार्ड लेकर मरीन ड्राइव पर पहुंचे थे। इसके बाद पुलिस की एक टीम उन्हें वैन से मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन ले गई।

पुलिस स्टेशन में दीपके और उनके समर्थकों को कुछ समय के लिए प्रतीक्षा कक्ष में रखा गया। अधिकारियों ने उनसे पूछताछ की और बाद में उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने के लिए कहा गया। कुछ ही देर बाद दीपके पुलिस स्टेशन से बाहर निकल आए और उन्हें रिहा कर दिया गया।

यह कार्रवाई CJP के 2 अक्टूबर को मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में प्रस्तावित प्रदर्शन से ठीक पहले हुई। दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर इस प्रदर्शन का ऐलान किया है। हालांकि, मुंबई पुलिस ने शिवाजी पार्क में प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। इसके बाद दीपके ने ‘जेल भरो आंदोलन’ शुरू करने की बात कही थी।

CJP की ओर से चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर कई मांगें उठाई गई हैं। इनमें मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे के साथ उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग, SIR को रोकने और जनवरी 2025 की मतदाता सूची बहाल करने जैसी मांगें शामिल हैं।

दीपके ने कहा है कि मुंबई से शुरू होने वाला उनका आंदोलन आगे देश के दूसरे शहरों तक ले जाया जाएगा। CJP ने गोवा, बेंगलुरु, कोलकाता और अन्य शहरों में भी प्रदर्शन की योजना बताई है। मुंबई पुलिस की ओर से अनुमति नहीं मिलने के बाद उन्होंने आंदोलन को शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाने और गिरफ्तारी की स्थिति में ‘जेल भरो’ अभियान चलाने की बात कही है।

Comments are closed.