रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पश्चिमी देशों को चेतावनी देते हुए कहा है कि दुनिया इस समय बेहद खतरनाक दौर से गुजर रही है और ऐसे में कोई भी ऐसा कदम नहीं उठाया जाना चाहिए, जिससे तनाव और बढ़े।
उन्होंने कहा कि अगर कालिनिनग्राद पर हमला किया गया तो रूस अपनी प्रतिक्रिया में हर तरह के हथियारों का इस्तेमाल करने से पीछे नहीं हटेगा। पुतिन इससे पहले भी कालिनिनग्राद को लेकर नाटो को परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की चेतावनी दे चुके हैं। वाल्दाई फोरम में बोलते हुए उन्होंने पश्चिमी प्रतिबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधों के कारण रूस अब अपना डीजल वैश्विक बाजार में नहीं भेजेगा। पुतिन के मुताबिक, अगर दुनिया को रूसी डीजल की जरूरत है तो रूस के साथ व्यापार पर लगाए गए प्रतिबंधों को हटाना होगा।
अमेरिका और चीन के साथ संभावित त्रिपक्षीय वार्ता के सवाल पर पुतिन ने कहा कि वह इस तरह की बातचीत के लिए तैयार हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि बैठक से पहले चर्चा के मुद्दों और एजेंडे पर सहमति बनना जरूरी है।
PM मोदी की तारीफ
पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मोदी उन वैश्विक नेताओं में शामिल हैं, जो रूस के साथ अच्छे और मैत्रीपूर्ण संबंधों के बावजूद यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने की जरूरत लगातार उठाते हैं और इस संबंध में सवाल करते हैं।
रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ऐसे समाधान की तलाश में रुचि रखते हैं, जिसे संघर्ष में शामिल दोनों पक्ष स्वीकार कर सकें। उनके मुताबिक, इस मामले में मोदी निष्पक्ष रुख अपनाते हैं और साथ ही संघर्ष को जल्द समाप्त करने में उनकी दिलचस्पी भी है।
पुतिन ने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी के विचारों के लिए उनके आभारी हैं और शांतिपूर्ण तरीके से जल्द से जल्द संघर्ष समाप्त करने की उनकी इच्छा की सराहना करते हैं।
Comments are closed.