15 घंटे में बदलेगा 23 राज्यों का मौसम, पहाड़ों पर भूस्खलन का अलर्ट; अरुणाचल में भारी बारिश का अनुमान

4

23 राज्यों में अगले 15 घंटे बारिश का अलर्ट, अरुणाचल में भारी बारिश; पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड का खतरा

देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत 23 राज्यों में अगले 15 घंटे के दौरान बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

पूर्वोत्तर में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

असम-मेघालय और नागालैंड-मणिपुर-मिजोरम-त्रिपुरा क्षेत्र में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। भारी बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन जैसी घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।

दक्षिण भारत में तेज हवाओं के साथ बारिश

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आंध्र प्रदेश, केरल, माहे और लक्षद्वीप में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है।

आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज सतही हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में दक्षिण भारत में बारिश का दौर और तेज हो सकता है।

4 से 6 अक्टूबर तक भारी बारिश का अनुमान

केरल और माहे में 2 से 6 अक्टूबर तक कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। तटीय कर्नाटक में 3 से 6 अक्टूबर के बीच बारिश का अनुमान है। वहीं 4 से 6 अक्टूबर के दौरान केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली में आज बारिश के आसार नहीं

दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में आज मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। हालांकि, 6 अक्टूबर से इन क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

उत्तराखंड में 5 अक्टूबर से बारिश शुरू होने का अनुमान है, जबकि 7 अक्टूबर को कुछ इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 5 से 8 अक्टूबर के बीच बारिश होने की संभावना है।

इन राज्यों से मानसून की विदाई जारी

दक्षिण-पश्चिम मानसून की देश के कई हिस्सों से वापसी जारी है। IMD के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बाकी हिस्सों से भी मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं।

Comments are closed.