पाकिस्तान ने मंगलवार को स्वदेश में विकसित फतह-4 जमीन से प्रक्षेपित क्रूज मिसाइल का परीक्षण किया।
पाकिस्तानी सेना के मुताबिक, यह मिसाइल लंबी दूरी के लक्ष्यों को निशाना बनाने के लिए डिजाइन की गई है। सेना ने बताया कि फतह-4 मिसाइल प्रणाली में उन्नत एवियोनिक्स और आधुनिक नेविगेशन तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इन तकनीकों की मदद से यह विस्तारित दूरी पर मौजूद लक्ष्यों को अधिक सटीकता के साथ निशाना बनाने में सक्षम है।
पाकिस्तानी सेना के अनुसार, परीक्षण के दौरान मिसाइल प्रणाली के विभिन्न उप-तंत्रों और उनसे जुड़े तकनीकी मानकों की भी जांच की गई। सेना ने इसे मिसाइल प्रणाली के विकास और क्षमता परीक्षण की दिशा में एक अहम चरण बताया।
परीक्षण के समय पाकिस्तान सेना के वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक और मिसाइल प्रणाली के विकास से जुड़े इंजीनियर मौजूद रहे।
पाकिस्तान इससे पहले मई में भी फतह-4 जमीन से प्रक्षेपित क्रूज मिसाइल का परीक्षण कर चुका है। मंगलवार का परीक्षण इसी प्रणाली के विकास और परिचालन क्षमताओं से जुड़े परीक्षणों की कड़ी में किया गया।
Comments are closed.