CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सख्ती, 45 मेट्रो स्टेशन बंद; 4 किमी के दायरे में इंटरनेट ठप, सड़कों पर भी पाबंदियां
दिल्ली में प्रदर्शन से पहले सुरक्षा कड़ी, मेट्रो-ट्रेन सेवाओं पर असर; स्कूल-कॉलेज भी प्रभावित
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किया जा रहा है। पुलिस ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा प्रतिबंधों के चलते मेट्रो, रेलवे, शैक्षणिक संस्थानों और इंटरनेट सेवाओं पर भी असर पड़ने की जानकारी सामने आई है।
दिल्ली में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
प्रदर्शन को लेकर नई दिल्ली जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ प्रमुख सड़कों और संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। रातभर पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे और वाहनों की जांच की गई। पैदल आने-जाने वाले लोगों से भी पूछताछ की गई।
पुलिस और अर्द्धसैनिक बल अलर्ट पर
शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे सुरक्षा बलों की शिफ्ट बदली गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर सीजेपी की ओर से कोई नया पोस्ट सामने नहीं आया था। पुलिस को नई दिल्ली जिले की सड़कों पर सीजेपी समर्थकों के पहुंचने की कोई सूचना नहीं मिली थी।
दिल्ली पुलिस ने कहा- हालात नियंत्रण में
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन के मुताबिक, राजधानी में स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी सुबह से ही गश्त कर रहे हैं। नई दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन से ट्रेनों पर असर
प्रदर्शन के मद्देनजर रेलवे सेवाओं को लेकर भी प्रतिबंधों की जानकारी दी गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर 2 बजे के बाद नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों से रवाना होने वाली ट्रेनें निरस्त की गईं। शनिवार सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक इन स्टेशनों पर पहुंचने वाली ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ने की बात कही गई है।
स्कूल-कॉलेजों ने बदला कार्यक्रम
प्रदर्शन और मेट्रो सेवाओं में संभावित बाधा को देखते हुए दिल्ली के कुछ स्कूलों और कॉलेजों ने अपने कार्यक्रमों में बदलाव किया है। कुछ स्कूलों ने ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का निर्णय लिया, जबकि कुछ कॉलेजों में परीक्षाएं स्थगित की गई हैं।
जनपथ-कर्तव्य पथ के आसपास इंटरनेट सेवाएं बंद
सुरक्षा व्यवस्था के तहत नई दिल्ली जिले में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर 24 घंटे की रोक लगाने का आदेश जारी किए जाने की जानकारी है। बताया गया है कि दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने जनपथ और कर्तव्य पथ से चार किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं बंद रखने का निर्देश दिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह प्रतिबंध शुक्रवार रात 10 बजे से लागू होकर शनिवार रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा। इसके अलावा, प्रदर्शन को देखते हुए कई मेट्रो स्टेशनों पर भी प्रतिबंध लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। इससे राजधानी में आवाजाही और आम लोगों की दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।
Comments are closed.