फेक किस से लेकर चीनी जासूस हमजा अली मजारी तक… जेनसेन हुआंग के कथित हनीट्रैप मामले पर सोशल मीडिया में मीम्स की बाढ़
जेनसेन हुआंग के कथित अफेयर पर सोशल मीडिया में मीम्स की बाढ़, चीनी जासूस से लेकर कोल्डप्ले किस कैम तक के चर्चे
एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग इन दिनों एक कथित विवाहेतर संबंध और उससे जुड़े राष्ट्रीय सुरक्षा विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं। कर्मचारियों को भेजे गए एक ईमेल में हुआंग ने अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार की है। वहीं, विदेशी खुफिया एजेंसी से संभावित संबंधों की खबरों के बाद कंपनी के बोर्ड ने मामले की स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है। इस पूरे विवाद ने सोशल मीडिया पर भी हलचल मचा दी है, जहां यूजर्स तरह-तरह के मीम्स बनाकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
मामले में सबसे ज्यादा चर्चा एलिस हुआंग की हो रही है, जिन्हें अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने कथित तौर पर चीनी खुफिया एजेंसी से जुड़ा बताया है। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने उन्हें फिल्म ‘धुरंधर’ के किरदार हमजा अली मजारी से जोड़ते हुए ‘चीन की हमजी अली मजारी’ करार दिया। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह ने एक भारतीय जासूस की भूमिका निभाई थी।
मीम्स में छाया जेनसेन हुआंग का मामला
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि हर कुछ महीनों में किस्मत किसी न किसी सीईओ को बलि का बकरा बना देती है। वहीं, दूसरे यूजर ने एलिस हुआंग की तस्वीर साझा कर उनकी तुलना फिल्म के जासूसी किरदार से कर दी।
एक अन्य पोस्ट में जेनसेन हुआंग और एलिस हुआंग की तस्वीर के साथ लिखा गया कि दुनिया की सबसे उन्नत एआई तकनीक तक पहुंच रखने के बावजूद हुआंग खतरे के संकेत नहीं पहचान पाए। एक यूजर ने इसी बात को चिप्स से जोड़ते हुए टिप्पणी की कि वह अपने पास मौजूद सबसे महत्वपूर्ण चिप को ही नियंत्रित नहीं कर सके।
एक और मीम में कथित जासूसी के तरीके पर कटाक्ष किया गया। इसमें कहा गया कि चीनी महिला ने हैकिंग का नया तरीका खोज लिया है, जिसमें कंप्यूटर को हैक करने के बजाय उसके मालिक को ही निशाना बनाया जाता है।
कोल्डप्ले के किस कैम से क्यों हो रही तुलना?
इस विवाद के बीच एक्स पर 13 सेकंड का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें चश्मा पहने जेनसेन हुआंग एक महिला को गले लगाते दिखाई देते हैं। दावा किया जा रहा है कि यह महिला एलिस हुआंग हैं और दोनों की तस्वीर स्टेडियम की बड़ी गोल स्क्रीन पर दिखाई गई थी। इस वीडियो को लेकर यूजर्स कोल्डप्ले के चर्चित किस कैम विवाद की याद दिला रहे हैं।
दरअसल, जुलाई 2025 में अमेरिका के बोस्टन में कोल्डप्ले के एक कॉन्सर्ट के दौरान एस्ट्रोनॉमर कंपनी के तत्कालीन सीईओ एंडी बायरन और एचआर प्रमुख क्रिस्टिन कैबॉट किस कैम में एक साथ नजर आए थे। वीडियो वायरल होने के बाद दोनों को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बायरन को छुट्टी पर भेजा गया, जबकि कैबॉट ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद यह घटना सोशल मीडिया पर बड़े मीम ट्रेंड में बदल गई।
क्या है जेनसेन हुआंग और एलिस हुआंग का विवाद?
इस पूरे मामले की पृष्ठभूमि केवल कथित निजी संबंधों तक सीमित नहीं है। द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने एलिस हुआंग पर नजर रखी थी और उन्हें चीन के मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी से जुड़ा हुआ माना था। रिपोर्ट में दावा किया गया कि अमेरिकी अधिकारियों को आशंका थी कि वह चीन के लिए खुफिया जानकारी जुटा रही थीं।
एलिस हुआंग चीन की नागरिक हैं और सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड में वरिष्ठ पद पर कार्यरत रही हैं। इससे पहले वह चीन में टेलीविजन रिपोर्टर के रूप में काम कर चुकी हैं। मेगास्पीड एनवीडिया की दक्षिण-पूर्व एशिया की प्रमुख ग्राहक कंपनियों में शामिल है। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने दो वर्षों के दौरान एनवीडिया से 4.8 अरब डॉलर से अधिक की चिप्स खरीदी थीं। हालांकि, बीजिंग ने जासूसी से जुड़े आरोपों को निराधार अटकलें बताकर खारिज किया है।
हुआंग ने पत्नी से मांगी माफी, बोर्ड ने शुरू की जांच
कर्मचारियों को लिखे अपने संदेश में जेनसेन हुआंग ने विवाहेतर संबंध स्वीकार करते हुए पत्नी और बच्चों को हुई तकलीफ के लिए खेद जताया। उन्होंने कहा कि अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई के लिए उनके पास कोई बहाना नहीं है।
इस विवाद के बाद एनवीडिया के बोर्ड ने स्वतंत्र जांच कराने का फैसला किया है। हालांकि, बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल उसके पास ऐसा कोई कारण नहीं है जिससे यह माना जाए कि कंपनी की गोपनीय जानकारी या राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े हितों से समझौता हुआ है। हुआंग अपने पद पर बने रहेंगे।
एनवीडिया के लिए क्यों अहम है यह मामला?
एनवीडिया के प्रोसेसर दुनिया भर में एआई मॉडल को विकसित करने और संचालित करने वाले डेटा सेंटरों का अहम हिस्सा हैं। कंपनी की अत्याधुनिक चिप्स की मांग लगातार बढ़ रही है। वहीं, अमेरिका ने चीन को उन्नत सेमीकंडक्टर तकनीक की पहुंच से दूर रखने के लिए कई निर्यात प्रतिबंध लागू किए हैं।
ऐसे में एनवीडिया के शीर्ष नेतृत्व और कंपनी के एक बड़े ग्राहक से जुड़े कथित खुफिया संबंधों की खबर ने इस मामले को और संवेदनशील बना दिया है। यही वजह है कि जेनसेन हुआंग का विवाद अब केवल सोशल मीडिया मीम्स तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कॉरपोरेट सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय खुफिया गतिविधियों के संदर्भ में भी चर्चा का विषय बन गया है।
Comments are closed.