दीवाली की खुशियां मातम में बदलीं, आतिशबाजी से देशभर में 24 की मौत, 300 से ज्यादा घायल

2

दीवाली पर पटाखों का कहर: देशभर में 24 लोगों की मौत, 300 से अधिक घायल; मध्य प्रदेश में 12 की गई जान

दीपावली पर आतिशबाजी का जश्न कई परिवारों के लिए मातम में बदल गया। पटाखों से लगी आग और अन्य हादसों में देशभर में 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 300 से ज्यादा लोग घायल हो गए। सबसे दर्दनाक घटनाएं मध्य प्रदेश के कटनी और सिवनी जिलों में सामने आईं। यहां दो कारोबारियों के तीन मंजिला मकानों में आग लगने से 12 लोगों की जान चली गई। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश में तीन बच्चों की मौत हुई, जबकि पंजाब और राजस्थान में दो-दो लोगों ने जान गंवाई। दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, बिहार और ओडिशा में भी एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। दिल्ली में पटाखों से झुलसने और चोट लगने के करीब 300 मामले सामने आए। अलग-अलग राज्यों में कहीं पटाखों के छर्रों ने लोगों की जान ली, तो कहीं आग ने मकानों, दुकानों और गोदामों को तबाह कर दिया।

कटनी में आधी रात को आग का तांडव, छह लोगों की मौत

मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही कस्बे में रविवार आधी रात के बाद कारोबारी पूरन अग्रवाल के तीन मंजिला मकान में आग लग गई। मकान की पहली मंजिल पर स्थित क्रॉकरी की दुकान से शुरू हुई आग ने कुछ ही देर में पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया।

ऊपरी मंजिलों पर मौजूद परिवार के सदस्य आग में फंस गए। इस हादसे में दो महीने के मासूम समेत छह लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। घटना के समय परिवार के सदस्य सो रहे थे।

सिवनी में तड़के लगी आग, छह की मौत

सिवनी जिले के छपारा कस्बे के महावीर वार्ड में सोमवार सुबह करीब चार बजे सराफा कारोबारी कुंदन लाल सोनी के तीन मंजिला मकान में आग लग गई। हादसे के वक्त घर में परिवार के 10 सदस्य सो रहे थे।

आग तेजी से फैलने के कारण छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। मकान के सभी दरवाजों पर चैनल गेट बंद होने के कारण बचाव दल को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दिल्ली में 300 के करीब लोग पहुंचे अस्पताल

दीपावली की रात पटाखों से झुलसने और घायल होने वाले लोगों की संख्या दिल्ली में काफी अधिक रही। सफदरजंग अस्पताल में 135, एम्स में 42 और आकाश हेल्थकेयर में 15 मरीज पहुंचे। अन्य अस्पतालों में भी 100 से अधिक लोगों का इलाज किया गया।

एम्स में 11 मरीज गंभीर रूप से झुलसे हुए थे। इनमें पांच की सर्जरी करनी पड़ी। आठ साल का एक बच्चा शरीर का 45 प्रतिशत हिस्सा जलने के कारण गंभीर हालत में था।

यूपी में पटाखों ने ली तीन बच्चों की जान

उत्तर प्रदेश में अलग-अलग घटनाओं में तीन बच्चों की मौत हो गई। मेरठ में पांच साल का बच्चा आतिशबाजी देख रहा था। पटाखों की आवाज से घबराकर भागते समय वह सिर के बल फर्श पर गिर गया। सिर में नुकीली वस्तु घुसने से उसकी मौत हो गई।

फतेहपुर में जेब में रखा सुतली बम फटने से एक किशोर की जान चली गई। वहीं, फर्रुखाबाद में पटाखा फोड़ते समय उसका टुकड़ा एक बच्चे के गले में जा धंसा, जिससे उसकी मौत हो गई।

कानपुर में पटाखा गिरने से तकिया-रजाई के कारखाने और आसपास की दुकानों में आग लग गई। इस घटना में एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ।

पंजाब और राजस्थान में भी दर्दनाक हादसे

पंजाब के जालंधर में आतिशबाजी के कारण एक घर में आग लग गई, जिसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई। लुधियाना के जगराओं में पटाखे की चपेट में आने से 14 साल के बच्चे ने दम तोड़ दिया।

राजस्थान के बूंदी और बीकानेर में भी पटाखों से जुड़े हादसों में दो बच्चों की मौत हो गई। उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में आतिशबाजी के दौरान हुए हादसे में पीएसी के एक रिक्रूट की जान चली गई।

बिहार में आग से बुजुर्ग महिला की मौत, 12 घायल

बिहार में दीपावली की रात दीये, पटाखों और शॉर्ट सर्किट से आग लगने की कई घटनाएं हुईं। इनमें एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं और 10 बच्चों समेत 12 लोग झुलसकर घायल हो गए।

हरियाणा के जींद में भी पटाखे का छर्रा गर्दन पर लगने से 39 वर्षीय महिला की मौत हो गई।

जम्मू में आग से सात दुकानें और गोदाम राख

जम्मू की अनाज मंडी स्थित वेयरहाउस में आतिशबाजी से निकली चिंगारी के कारण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने सात दुकानों और गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया। त्योहार के कारण वेयरहाउस बंद था। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस घटना में कारोबारियों को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।

Comments are closed.