फ्रांस के साइबर अटैक के आरोप पर ईरान का करारा तंज, बोला- फ्रिज नहीं संभल रहे, देश क्या संभालेंगे!

0

फ्रांस और ईरान के बीच साइबर हमले को लेकर विवाद गहराता जा रहा है।

फ्रांस ने ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की एक साइबर यूनिट पर अपने सैकड़ों सुपरमार्केट के रेफ्रिजरेशन सिस्टम को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। वहीं, ईरान ने इन आरोपों पर पलटवार करते हुए फ्रांसीसी सरकार पर तंज कसा है।

ईरान के विदेश मंत्री सईद अब्बास अरागची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फ्रांस को निशाने पर लिया। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि जो सरकार अपने सुपरमार्केट के फ्रिज तक नहीं संभाल पा रही, वह देश कैसे संभालेगी। उन्होंने फ्रांस पर अपनी नाकामियों का दोष दूसरों पर मढ़ने का भी आरोप लगाया।

अरागची ने आगे कहा कि ईरान शक्तिशाली जरूर है, लेकिन वह फ्रांस की तरह गाजा में कथित नरसंहार का समर्थन करके या स्कूलों और अस्पतालों पर बमबारी करके अपनी ताकत का प्रदर्शन नहीं करता।

फ्रांस ने साइबर हमले के लिए ईरान को ठहराया जिम्मेदार

फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरो ने सोमवार को दावा किया कि पिछले महीने देश के कई सुपरमार्केट के रेफ्रिजरेशन सिस्टम पर हुए साइबर हमलों के पीछे ईरान की आईआरजीसी से जुड़ी साइबर इकाई का हाथ है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस घटना के लिए ईरान को परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

इस मामले में पेरिस अभियोजक कार्यालय ने भी कानूनी कार्रवाई की पहल की है। कार्यालय के मुताबिक, आईआरजीसी से कथित तौर पर जुड़ी साइबर इकाई ‘शाहिद कावेह’ के प्रमुख और उनके दो सहयोगियों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय गिरफ्तारी वारंट जारी करने का अनुरोध किया गया है।

700 सुपरमार्केट के रेफ्रिजरेशन सिस्टम हुए प्रभावित

फ्रांस में 12 अक्टूबर को हुए कथित साइबर हमले के दौरान रेफ्रिजरेटरों का तापमान अचानक बढ़ गया था। इस घटना से देशभर के करीब 700 सुपरमार्केट प्रभावित हुए। बताया गया कि फ्रांस के लगभग 10,000 सुपरमार्केट में से इन दुकानों के रेफ्रिजरेशन सिस्टम पर असर पड़ा था।

पेरिस में जी-7 वार्ता के दौरान फ्रांस के विदेश मंत्री बैरो ने कहा कि ईरानी राजदूत को तलब कर इस घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराया जा रहा है। इस घटनाक्रम के बाद दोनों देशों के बीच पहले से जारी तनाव और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, साइबर हमले में ईरान की संलिप्तता को लेकर फ्रांस के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

Comments are closed.