दिल्ली में दर्दनाक हादसा: सीवर में गिरा 4 साल का बच्चा, तलाश में जुटी NDRF और फायर ब्रिगेड

1

दिल्ली के बाहरी इलाके नांगली विहार स्थित दास गार्डन कॉलोनी के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है।

यहां चार साल का मासूम बच्चा खुले सीवर में गिरकर लापता हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बच्चे की तलाश के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है। बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए NDRF, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, DDMA और BSF की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। बचाव दल सीवर के अंदर बच्चे की तलाश में जुटे हुए हैं, लेकिन फिलहाल उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

खेलते समय खुले मैनहोल में गिरा मासूम

दिल्ली फायर सर्विस के एक अधिकारी के मुताबिक, सुबह करीब 9:45 बजे सीवर में बच्चे के गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। अधिकारी ने बताया कि चार साल का बच्चा अपनी मां के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह खुले मैनहोल के पास पहुंचा और उसमें गिर गया। घटना के बाद से ही बचाव अभियान जारी है।

पिता ने बताई हादसे की पूरी कहानी

लापता बच्चे के पिता खुर्शीद आलम ने बताया कि उनके बेटे का नाम इमरान है। वह पार्क में खेलने गया था। इसी दौरान शौच के लिए सीवर के पास पहुंचा, जहां खुला मैनहोल होने के कारण वह उसमें गिर गया। पिता के मुताबिक, घटना के बाद से ही बचाव टीमें बच्चे को खोजने में लगी हुई हैं।

मौके पर मौजूद अधिकारी, जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की गंभीरता को देखते हुए SDM रजत मल्होत्रा भी मौके पर मौजूद हैं और पूरे बचाव अभियान पर नजर बनाए हुए हैं। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में NDRF, फायर ब्रिगेड और अन्य बचाव दल के सदस्य बच्चे की तलाश करते दिखाई दे रहे हैं।

परिवार और स्थानीय लोगों की निगाहें बचाव अभियान पर टिकी हैं। फिलहाल सभी टीमें बच्चे को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश कर रही हैं।

Comments are closed.