दीपावली के बाद अब छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने लगी है।
बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेनों का संचालन तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बुधवार को दिल्ली के अलग-अलग रेलवे स्टेशनों से पूर्व दिशा के लिए 31 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए इंतजाम किए गए हैं और छठ पूजा के गीतों से माहौल भक्तिमय हो रहा है।
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने कम समय के नोटिस पर चार अनारक्षित विशेष ट्रेनें भी शुरू की हैं। अलग-अलग स्टेशनों से विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इनमें आनंद विहार टर्मिनल से नौ, नई दिल्ली से छह, शकूरबस्ती से पांच, हजरत निजामुद्दीन से तीन, दिल्ली जंक्शन से तीन और रोहतक से एक विशेष ट्रेन शामिल है।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ पर लगातार नजर रखी जा रही है। जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का संचालन करने की योजना भी तैयार की जाएगी, ताकि छठ पर घर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
चंडीगढ़ से बरौनी के लिए भी चलेगी स्पेशल ट्रेन
ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल ने चंडीगढ़ और बरौनी के बीच आरक्षित विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। रेलवे की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार, ट्रेन नंबर 04538 चंडीगढ़-बरौनी आरक्षित स्पेशल 10 नवंबर को रात 10 बजे चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से रवाना होगी।
यह ट्रेन अंबाला छावनी, यमुनानगर, सहारनपुर, मुरादाबाद, लखनऊ, वाराणसी और छपरा समेत निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए तीसरे दिन सुबह 3:30 बजे बरौनी पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन नंबर 04537 बरौनी-चंडीगढ़ आरक्षित स्पेशल 12 नवंबर को सुबह 6:30 बजे बरौनी से रवाना होगी। इस फैसले से चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में रहने वाले बिहार जाने वाले यात्रियों को छठ के मौके पर घर पहुंचने में राहत मिलने की उम्मीद है।
Comments are closed.