अमेरिका में हेगसेथ को राहत, रक्षा मंत्री के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव संसद में खारिज; विपक्ष की कोशिश नाकाम
अमेरिका में रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को बड़ी राहत मिली है।
उनके खिलाफ लाया गया महाभियोग प्रस्ताव मंगलवार को हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में आगे नहीं बढ़ पाया। रिपब्लिकन सांसदों ने 211 के मुकाबले 204 वोटों से प्रस्ताव को न्यायपालिका समिति (ज्यूडिशियरी कमिटी) के पास भेजने के पक्ष में फैसला दिया। इस प्रक्रिया के चलते महाभियोग के आठ आरोपों पर सीधे मतदान नहीं हो सका और हेगसेथ को पद से हटाने की कोशिश फिलहाल नाकाम हो गई।
यह महाभियोग प्रस्ताव केंटकी के रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने पेश किया था। उन्होंने हेगसेथ पर कांग्रेस की मंजूरी के बिना ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू करने, नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े नियमों की अनदेखी करने और कई अन्य गंभीर आरोप लगाए थे। दिलचस्प बात यह रही कि प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के समर्थन में वोट देने वाले मैसी एकमात्र रिपब्लिकन सांसद थे।
महाभियोग की प्रक्रिया पर लगा ब्रेक
हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में हुए इस प्रक्रियात्मक मतदान के बाद मौजूदा कांग्रेस में हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग की कार्रवाई प्रभावी रूप से रुक गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस फैसले का स्वागत किया और विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि डेमोक्रेट्स की यह कोशिश बुरी तरह नाकाम रही।
वहीं, मतदान से पहले हेगसेथ ने पेंटागन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महाभियोग की कोशिश को राजनीतिक तमाशा बताया था। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना के खिलाफ इस तरह के आरोप लगाना गलत है।
ट्रंप ने किया रक्षा मंत्री का बचाव
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी हेगसेथ का खुलकर समर्थन किया। उन्होंने इजरायल और पश्चिम एशिया में अमेरिकी कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि अमेरिका ने इजरायल और पूरे पश्चिम एशिया को बचाने में भूमिका निभाई है। ट्रंप के मुताबिक, अगर अमेरिका ने हस्तक्षेप नहीं किया होता तो ईरान से इजरायल के अस्तित्व को गंभीर खतरा हो सकता था।
आगे फिर उठ सकता है महाभियोग का मुद्दा
हालांकि, फिलहाल हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग की कोशिश सफल नहीं हो पाई है, लेकिन राजनीतिक विवाद खत्म होने के संकेत नहीं हैं। अगले साल अगर डेमोक्रेट्स को हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट दोनों में बहुमत मिलता है, तो रक्षा मंत्री के खिलाफ दोबारा कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में हेगसेथ के पद और राजनीतिक भविष्य को लेकर अमेरिकी राजनीति में बहस आगे भी जारी रह सकती है।
Comments are closed.