जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) के लापता होने से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
बुधवार को पहाड़ी और दुर्गम इलाके से लापता हुए दोनों पुलिसकर्मी स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) से जुड़े हुए हैं। उनकी तलाश के लिए सुरक्षाबलों ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
ड्यूटी पर नहीं पहुंचे दोनों SPO
अधिकारियों के मुताबिक, लापता पुलिसकर्मियों की पहचान 45 वर्षीय रशपाल कुमार (बेल्ट नंबर 65) और 57 वर्षीय बाबी चंद (बेल्ट नंबर 920) के रूप में हुई है। दोनों किश्तवाड़ के कियार दच्चन इलाके के रहने वाले हैं।
दोनों की ड्यूटी रोटेशन के आधार पर 17 राष्ट्रीय राइफल्स (RR) के धरना स्थित टीओबी कैंप, सेक्टर मरवाह में लगाई गई थी। बुधवार को उन्हें निर्धारित समय पर कैंप पहुंचना था, लेकिन वे ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई, लेकिन अब तक दोनों का कोई पता नहीं चल पाया है।
आतंकवाद प्रभावित इलाके में तलाशी अभियान
जिस दच्छन-मरवाह क्षेत्र से दोनों एसपीओ लापता हुए हैं, उसे आतंकवाद की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। सैन्य अधिकारियों के अनुसार, इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, पुलिस की ओर से इस मामले में अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
गांदरबल में भी आतंकियों की तलाश
इसी बीच, श्रीनगर के निकट गांदरबल जिले में बुधवार देर रात आतंकियों के एक समूह को देखे जाने की सूचना मिली। इसके बाद सुरक्षाबलों ने संदिग्ध ठिकानों और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, तलाशी के दौरान कोई आतंकी नहीं मिला और देर रात तक अभियान जारी रहा।
कुलगाम में CRPF जवानों पर गोलीबारी
किश्तवाड़ में दो एसपीओ के लापता होने की घटना ऐसे समय सामने आई है, जब कुलगाम जिले में सीआरपीएफ की टीम पर हमला हुआ। जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने सुरक्षा नाके पर तैनात सीआरपीएफ जवानों पर गोलीबारी की।
इस हमले में तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और हमलावरों की तलाश शुरू की गई।
Comments are closed.