कुलगाम में आतंकियों से सुरक्षाबलों की मुठभेड़, CRPF हमले की साजिश में लश्कर कमांडर का नाम आया सामने
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश शुरू कर दी है। कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए मुठभेड़ की पुष्टि की है।
इस बीच, पुलिस ने सोमवार को एक अन्य मुठभेड़ में मारे गए आतंकी उमर निसार डार की गतिविधियों को लेकर कई अहम खुलासे किए हैं। जांच में पता चला है कि उमर ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट के साथ मिलकर 11 नवंबर को सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले की साजिश रची थी।
पुलिस की ओर से जारी सीसीटीवी फुटेज में दोनों आतंकियों की गतिविधियां सामने आई हैं। फुटेज के मुताबिक, 10 नवंबर को उमर निसार डार और लतीफ भट ने मीर बार, अखरान, हबलिश और किलाम सहित कई इलाकों में घूमकर सुरक्षा व्यवस्था की रेकी की थी। अगले दिन यानी 11 नवंबर को दोनों ने अखरान स्थित सीआरपीएफ नाके पर हमला किया और मौके से फरार हो गए।
इस गोलीबारी में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हुए थे। बाइक सवार हमलावरों ने जवानों को निशाना बनाया था।
पुलिस के अनुसार, उमर निसार डार के अचानक लापता होने पर उसके परिवार ने कुलगाम थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। बाद में जांच एजेंसियों को जानकारी मिली कि वह पिछले पांच से छह महीनों से लश्कर कमांडर लतीफ भट को ठिकाना देने के साथ अन्य मदद भी पहुंचा रहा था।
Comments are closed.