खंडवा में देर रात दरगाह पर चला बुलडोजर, दिनभर विरोध और हंगामे के बाद प्रशासन ने की कार्रवाई
मध्य प्रदेश के खंडवा में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने को लेकर मंगलवार को दिनभर तनाव की स्थिति बनी रही। लंबे समय से बंद पड़ी श्री मानसिंहका ऑयल मिल की जमीन पर बनी दीवार और उससे सटी सड़क किनारे की दरगाह को जिला प्रशासन ने देर रात बुलडोजर चलाकर हटा दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
प्रशासन की टीम मंगलवार को दीवार और दरगाह हटाने पहुंची तो शहरकाजी सैयद निसार अली अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कार्रवाई का विरोध करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर के सामने मास्टर प्लान के प्रावधानों को लेकर सवाल उठाए।
शहरकाजी का तर्क था कि शहर में कई स्थानों पर मंदिर होने के बावजूद सड़क और मास्टर प्लान के नियम समान रूप से लागू नहीं किए जाते। उन्होंने प्रशासन पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। इससे पहले उन्होंने चेतावनी भी दी थी कि यदि दरगाह को हटाया गया तो शहर के मंदिरों के बाहर धरना दिया जाएगा।
विरोध के बीच बढ़ाई गई सुरक्षा
कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और अधिकारियों के साथ नोकझोंक शुरू हो गई। स्थिति ऐसी हो गई कि सिटी मजिस्ट्रेट भी भीड़ के बीच घिर गए। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। तनाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
तीन बुलडोजर से हुई कार्रवाई
शाम को प्रशासन ने तीन बुलडोजरों की मदद से करीब 100 फीट लंबी दीवार हटाने का काम शुरू किया। दरगाह को नुकसान से बचाने के लिए उसके ऊपर टीन की चादरें लगाई गई थीं। दिनभर चले विरोध और गहमागहमी के बाद रात करीब आठ बजे दरगाह को भी हटा दिया गया।
खंडवा के सीएसपी अभिनव बरंगे के मुताबिक, सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए यह कार्रवाई की गई। सुरक्षा के मद्देनजर अलग-अलग स्थानों पर पुलिस प्वाइंट बनाए गए थे। इसके अलावा सोशल मीडिया पर फैलने वाली गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष टीम भी तैनात की गई थी।
Comments are closed.