कर्मचारियों की तालियों के बीच एनवीडिया मुख्यालय पहुंचे जेनसन हुआंग, बोले- इस बार बेहतर CEO बनूंगा
एनवीडिया के सह-संस्थापक जेनसन हुआंग सोमवार को कैलिफोर्निया के सांता क्लारा स्थित कंपनी के मुख्यालय पहुंचे। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की ओर से सर्वसम्मति से अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद पर उनकी दोबारा नियुक्ति के बाद कर्मचारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यालय तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
एनवीडिया के रिसर्च उपाध्यक्ष मिंग-यू लियू ने सोशल मीडिया पर स्वागत का एक वीडियो साझा किया। इसमें हुआंग कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहते सुनाई दे रहे हैं, ”मुझे दूसरा मौका देने के लिए आप सभी का धन्यवाद। इस बार मैं पहले से बेहतर सीईओ बनकर दिखाऊंगा।”
हुआंग की वापसी कंपनी में हाल ही में हुए विवाद के बाद हुई है। इस महीने की शुरुआत में कथित निजी संबंधों से जुड़ी खबरों के बीच उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इन खबरों में एनवीडिया की दो महिला कर्मचारियों के साथ उनके कथित संबंधों के अलावा एक ऐसी महिला से जुड़ाव का आरोप भी शामिल था, जिस पर चीनी जासूस होने का संदेह जताया गया है। इन आरोपों की जांच जारी है और कंपनी एलिस हुआंग के साथ उनके कथित संबंधों की स्वतंत्र जांच कर रही है।
हुआंग की दोबारा नियुक्ति की घोषणा करते हुए एनवीडिया बोर्ड ने कहा कि वह मामले में उनके द्वारा दिखाई गई ”स्पष्टवादिता” से संतुष्ट है। बोर्ड ने वरिष्ठ अमेरिकी सरकारी अधिकारियों से मिले फीडबैक का भी उल्लेख किया और कहा कि हुआंग की वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है।
बोर्ड के अध्यक्ष हार्वे जोन्स ने कहा कि निदेशकों का मानना है कि एनवीडिया का नेतृत्व करने के लिए जेनसन सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं। उनकी वापसी कंपनी के शेयरधारकों, कर्मचारियों, कारोबारी साझेदारों और ग्राहकों के हित में है। उन्होंने कहा कि बोर्ड को हुआंग पर पूरा भरोसा है और वह उनके साथ दोबारा काम करने को लेकर उत्साहित है।
वहीं, हुआंग ने दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी कंपनियों में से एक का नेतृत्व फिर से संभालने का अवसर मिलने पर आभार जताया।
ट्रंप ने भी लिया हुआंग की वापसी का श्रेय
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने एनवीडिया के सीईओ के रूप में हुआंग की वापसी का श्रेय खुद को दिया है। सीएनबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने कंपनी के बोर्ड से बातचीत कर हुआंग को दोबारा नियुक्त करने के लिए राजी किया था।
सोमवार को ट्रंप ने कहा, ”मैंने उनसे बात की, इसे इस तरह समझिए। मैंने उन्हें मना लिया। यह समझौता मैंने ही कराया।”
हुआंग को ट्रंप का सहयोगी माना जाता है। वह पहले भी अमेरिकी प्रशासन से एनवीडिया की उन्नत एच200 चिप्स चीन में बेचने की अनुमति देने के लिए पैरवी कर चुके हैं।
एनवीडिया के शेयरों में रिकॉर्ड तेजी
हुआंग की वापसी की खबर के बाद एनवीडिया के शेयरों में जोरदार उछाल आया। सोमवार को कंपनी का शेयर 31.48 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ। वर्ष 2003 के बाद यह कंपनी की एक दिन की सबसे बड़ी तेजी थी और उसके इतिहास का तीसरा सबसे शानदार कारोबारी सत्र रहा। इस तेजी से कंपनी के बाजार पूंजीकरण में एक ही दिन में करीब 952 अरब डॉलर जुड़ गए।
कारोबार के दौरान शेयर में 36.6 प्रतिशत तक की बढ़त दर्ज की गई थी, हालांकि बाद में कुछ निवेशकों ने मुनाफावसूली की। एनवीडिया के शेयरों में तेजी का असर पूरे अमेरिकी प्रौद्योगिकी क्षेत्र और शेयर बाजार पर भी दिखा।
नैस्डैक कंपोजिट इंडेक्स 6.51 प्रतिशत और एसएंडपी 500 में 4.73 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। दोनों प्रमुख सूचकांकों ने अप्रैल 2025 के बाद अपना सबसे अच्छा एकदिवसीय प्रदर्शन किया।
3 दिसंबर को सीनेट के सामने पेश होंगे हुआंग
सीईओ के पद पर वापसी के बावजूद हुआंग और एनवीडिया के सामने जांच से जुड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं। सीनेट बैंकिंग समिति के अध्यक्ष टिम स्कॉट ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा और चीन के साथ कंपनी के कारोबारी लेनदेन को लेकर उठ रहे सवालों पर हुआंग 3 दिसंबर को समिति के सामने पेश होकर गवाही देंगे।
Comments are closed.