दृश्यम’ जैसी साजिश: जिस गली से रोज़ गुज़रते थे लोग, उसी के नीचे मिली बहू की लाश

6

जिस गली से रोज़ गुजरते थे लोग, उसी के नीचे दफन थी बहू तनु की लाश — ‘दृश्यम’ को मात देती है ये असली कहानी

इस साल रिश्तों की क्रूरता से जुड़ी कई कहानियों ने झकझोरा — चाहे वह सौरभ-मुस्कान की हो या सोनम और राजा रघुवंशी की। लेकिन फरीदाबाद का ताज़ा मामला उन सभी को पीछे छोड़ देता है। यहां एक बहू की हत्या कर उसके शव को उसी गली के नीचे 10 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया गया, जहां से रोज़ ससुराल वाले बेखौफ होकर गुजरते रहे।

यह दिल दहला देने वाली कहानी है तनु की — उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद की रहने वाली एक साधारण लड़की, जिसकी शादी दो साल पहले फरीदाबाद के रोशन नगर निवासी अरुण से हुई थी। तनु की शादी के बाद से ही उसके ससुरालवालों का असली चेहरा सामने आने लगा। परिजनों का आरोप है कि उस पर लगातार दहेज के लिए दबाव डाला गया — कभी सोने के गहनों की मांग, तो कभी पैसों की।

तनु पर इतना मानसिक दबाव डाला गया कि वह शादी के एक साल बाद तक मायके में ही रही। किसी तरह उसे वापस ससुराल भेजा गया, लेकिन वहां उसका उत्पीड़न और भी बढ़ गया। उसे फोन तक इस्तेमाल नहीं करने दिया जाता था।

“भाग गई है” — आरोपियों ने रची फिल्मी साजिश
तनु की बहन प्रीति बताती हैं कि करीब दो महीने पहले ससुराल वालों ने फोन कर कहा कि तनु घर छोड़कर कहीं चली गई है। परिवार को यह बात हज़म नहीं हुई और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। लेकिन शुरुआत में पुलिस ने कोई गंभीर कदम नहीं उठाया।

इसी दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म छुपाने के लिए एक चाल चली। पड़ोसियों के अनुसार तनु के ससुर ने गली में गड्ढा खुदवाया और कहा कि यह नाली का पानी बहाने के लिए है। कुछ ही दिन बाद उन्होंने यह प्रचारित करना शुरू कर दिया कि तनु घर से भाग गई है।

जब सच निकला ज़मीन से बाहर
लगातार दबाव के बाद पुलिस ने आखिरकार गली में खुदाई करवाई, जहां जेसीबी से 10 फीट नीचे से तनु की लाश बरामद की गई। शव फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है और चारों आरोपी — पति, सास, ससुर और देवर — हिरासत में लिए गए हैं। डीसीपी सेंट्रल ऊषा कुंडू ने कहा कि मामले की जांच तेज़ी से हो रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

इस खौफनाक हकीकत ने ‘दृश्यम’ जैसी फिल्मों की याद तो दिलाई, लेकिन फर्क इतना है कि यहां पर्दा नहीं, जिंदगी का सच उजागर हुआ — एक बहू की चुप चीख, जो अब पूरे समाज से जवाब मांग रही है।

Comments are closed.