उत्तराखंड: चमोली के थराली में बादल फटा, भारी तबाही.
उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी है। शुक्रवार आधी रात को चमोली जिले के थराली क्षेत्र में बादल फटने से भारी तबाही मच गई। रात करीब एक बजे हुई इस घटना के बाद पानी और मलबे का तेज बहाव कई घरों और वाहनों को अपनी चपेट में ले गया।
प्रशासन के अनुसार, एक व्यक्ति लापता है और सागवाड़ा गांव में एक लड़की घर के अंदर मलबे में दब गई है। पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर राहत व बचाव कार्य में जुटी हुई है।
घरों और वाहनों को नुकसान
थराली कस्बे से आईं तस्वीरों और वीडियो में कई घरों के भीतर पानी और मलबा घुसा हुआ देखा जा सकता है। बाजार क्षेत्र, तहसील परिसर और आसपास के इलाकों में मलबा भर गया है। कई वाहनों के दबे होने की भी खबर है।
सड़कें बंद, जनजीवन प्रभावित
चेपड़ों बाजार में दुकानों को नुकसान पहुंचा है। थराली-ग्वालदम मार्ग और थराली-सागवाड़ा मार्ग मलबा आने से बंद हो गए हैं। मार्गों को खोलने का कार्य तेजी से जारी है।
Comments are closed.