तूफान Ragasa का कहर: ताइवान में तबाही के बाद अब चीन में स्कूल-ऑफिस बंद, फ्लाइट रद्द

4

पूर्वी एशिया में टाइफून रागासा ने कहर मचा दिया है, जिससे हांगकांग और दक्षिणी चीन के कई हिस्सों में हालात गंभीर हो गए हैं।

दोनों क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी किया गया है और चीन के लगभग 10 शहरों में स्कूल और कार्यालय बंद कर दिए गए हैं। साथ ही कई उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। रागासा पहले फिलीपींस में तबाही मचा चुका है। वहां तूफान के चलते कई पेड़ गिर गए, घरों की छतें उड़ गईं और 2 लोगों की जान चली गई। उत्तरी फिलीपींस में हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों जैसे स्कूलों और राहत केंद्रों में शरण दी गई।

हांगकांग में हालात:
हांगकांग मौसम सेवा के अनुसार, रागासा तूफान 121 मील (195 किलोमीटर) प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिणी चीन सागर के रास्ते पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। मंगलवार शाम लगभग 6:40 बजे हाई अलर्ट जारी किया गया। समुद्र की लहरें 4-5 मीटर ऊंची उठ रही हैं, जिससे शहर में जलभराव की स्थिति बनी है और समुद्र किनारे बड़ी इमारतों के पास उफान मारती लहरें देखने को मिलीं।

ताईवान में तबाही:
ताईवान में टाइफून रागासा की वजह से एक झील फट गई, जिससे 14 लोगों की मौत हो गई और 18 लोग घायल हुए हैं। रात तक 30 लोग लापता थे, जिनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

260 लोग फंसे:
ओल्ड बैरियर लेक फटने के बाद इलाके में बड़े पैमाने पर भूस्खलन और फ्लैश फ्लड्स के हालात बन गए। स्थानीय नदियां उफान पर हैं और लगभग 260 लोग फंसे होने की आशंका है। बचाव कार्य तेजी से जारी है।

टाइफून रागासा के चलते क्षेत्र में भारी बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी है, जिससे पूर्वी एशिया में व्यापक नुकसान की संभावना बनी हुई है।

Comments are closed.