अहमदाबाद हादसे के बाद एअर इंडिया का बड़ा फैसला, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 15% की कटौती

2

एअर इंडिया का बड़ा फैसला: अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 15% कटौती, बोइंग विमानों की सुरक्षा जांच होगी तेज

टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन एअर इंडिया ने बुधवार को घोषणा की कि वह मध्य जुलाई तक अपने अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क में बड़े विमानों की उड़ानों में 15% की कटौती करेगी। यह फैसला हालिया परिचालन गड़बड़ियों और अहमदाबाद हादसे के बाद एहतियाती कदम के रूप में लिया गया है।

बोइंग 777 विमानों की विशेष जांच
एयरलाइन ने अपने बयान में कहा है कि बड़े बोइंग 777 विमानों की अतिरिक्त सुरक्षा जांच की जाएगी। तकनीकी कारणों से बीते दिनों कई उड़ानों में व्यवधान आया है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

6 दिन में 83 उड़ानें रद्द
पिछले 6 दिनों में कम से कम 83 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की गई हैं। बुधवार को भी तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानें तकनीकी कारणों से रद्द करनी पड़ीं। इनमें से दो उड़ानें उस समय रद्द की गईं जब यात्री पहले से विमान में सवार थे। यात्रियों को विमान से उतारकर वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।

मुख्य रद्द उड़ानें
AI 188 (टोरंटो-दिल्ली): तकनीकी जांच के कारण उड़ान रद्द, यात्रियों को विमान से उतारा गया।

AI 996 (दुबई-दिल्ली): तकनीकी कारणों से रद्द।

AI 2145 (दिल्ली-बाली): बाली के पास ज्वालामुखी विस्फोट की सूचना के चलते उड़ान बीच रास्ते से लौटी। सभी यात्री सुरक्षित दिल्ली वापस लाए गए।

यात्रियों को रिफंड और वैकल्पिक फ्लाइट की पेशकश
एअर इंडिया ने कहा है कि सभी प्रभावित यात्रियों को पूर्ण धनवापसी और वैकल्पिक उड़ानों की सुविधा दी जा रही है। साथ ही एयरलाइन के इंजीनियरिंग स्टाफ और पायलट अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं।

डीजीसीए की निगरानी बढ़ी
अहमदाबाद विमान हादसे के बाद नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने एअर इंडिया के बोइंग 787 विमानों के बेड़े पर अतिरिक्त निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

अन्य घटनाक्रम: बम की सूचना निकली फर्जी
हैदराबाद के बेगमपेट एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह बम होने की सूचना ईमेल से दी गई, लेकिन बम निरोधक दस्ते और अग्निशमन टीम द्वारा की गई तलाशी के बाद इसे फर्जी अलार्म घोषित किया गया। मामले की जांच जारी है।

मौसम का असर भी दिखा उड़ानों पर
दिल्ली में भारी बारिश और खराब मौसम के चलते मुंबई-लखनऊ एअर इंडिया की फ्लाइट रद्द करनी पड़ी। इसके अलावा, कई अन्य उड़ानें प्रभावित या डायवर्ट हुईं:

कोलकाता-लखनऊ इंडिगो (6E-856) – 30 मिनट लेट

लखनऊ-दिल्ली एअर इंडिया (AI-2478) – 1.15 घंटे विलंब

एआइ-2461 और एआइ-811 की उड़ानें भी प्रभावित

Comments are closed.