स्वतंत्रता दिवस से पहले ISI की साजिश का अलर्ट, छोटे शहर भी निशाने पर

0

खुफिया एजेंसियों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले आतंकी खतरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया है।

इनपुट के मुताबिक, पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर भारत विरोधी तत्व 15 अगस्त के आसपास देश में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर सकते हैं। सुरक्षा एजेंसियां इन संभावित खतरों को देखते हुए हाई अलर्ट पर हैं।

खुफिया सूचनाओं के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से केवल सीमावर्ती क्षेत्रों में हमले की कोशिश ही नहीं, बल्कि देश के अंदर भी संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाने की साजिश हो सकती है। एक खुफिया अधिकारी के मुताबिक, आईएसआई को लगता है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के चलते दिल्ली और जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान मुख्य रूप से 15 अगस्त के कार्यक्रमों पर रहेगा। इसी स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश की जा सकती है।

अधिकारी के अनुसार, आईएसआई स्वतंत्रता दिवस से पहले या उसके आसपास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर सकती है। इसके लिए पहले जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की घुसपैठ कराने का प्रयास किए जाने की आशंका है। साथ ही, बांग्लादेश सीमा के रास्ते भी आतंकियों को भारत में भेजने की कोशिश की जा सकती है।

खुफिया एजेंसियों ने देश के टियर-2 शहरों को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। इनपुट के मुताबिक, आईएसआई ऐसे शहरों को निशाना बनाने की कोशिश कर सकती है, जहां बड़े महानगरों की तुलना में सुरक्षा व्यवस्था अपेक्षाकृत कम हो सकती है।

अधिकारी ने यह भी कहा कि सीमा पार से मिल रहे संकेतों से पता चलता है कि आईएसआई दबाव में है। गुलाम जम्मू-कश्मीर और बलूचिस्तान समेत पाकिस्तान के कई इलाकों में जारी अस्थिरता के बीच पाकिस्तानी तंत्र पर दबाव बढ़ा है। ऐसे में भारत में किसी बड़ी वारदात के जरिए ध्यान भटकाने की कोशिश की जा सकती है।

इन संभावित खतरों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले संवेदनशील इलाकों, सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख शहरों में निगरानी बढ़ा दी है।

Comments are closed.