क्यूबा को तेल सप्लाई करने वालों पर अमेरिका लगाएगा टैरिफ, ट्रंप का ऐलान

2

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्यूबा की कम्युनिस्ट सरकार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा कदम उठाया है।

ट्रंप ने क्यूबा को तेल की आपूर्ति करने वाले देशों पर टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। इस फैसले का मकसद क्यूबा पर आर्थिक दबाव बढ़ाना बताया जा रहा है।

इसके तहत ट्रंप ने अमेरिकी प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि जो देश क्यूबा को तेल बेच रहे हैं, उनके सामान पर टैरिफ लगाया जाए। इस संबंध में राष्ट्रपति ने एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर भी हस्ताक्षर किए हैं। आदेश के जरिए यह आकलन किया जाएगा कि कौन-कौन से देश क्यूबा को तेल की आपूर्ति कर रहे हैं।

क्यूबा को तेल देने पर टैरिफ

एग्जीक्यूटिव ऑर्डर में ट्रंप ने आरोप लगाया है कि क्यूबा सरकार ऐसे “असाधारण कदम” उठा रही है जो अमेरिका के हितों को नुकसान पहुंचाते हैं और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करते हैं। ऑर्डर में यह भी दावा किया गया है कि क्यूबा सरकार कुछ दुश्मन देशों, अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी संगठनों और अमेरिका विरोधी तत्वों के साथ कथित तौर पर सहयोग करती है।

मेक्सिको पर बढ़ेगा अमेरिकी दबाव

इस फैसले के बाद मेक्सिको पर अमेरिकी दबाव बढ़ने की संभावना है। हाल के वर्षों में मेक्सिको क्यूबा का प्रमुख विदेशी तेल सप्लायर बनकर उभरा है, खासकर तब जब आर्थिक संकट के कारण वेनेजुएला से क्यूबा को होने वाली तेल आपूर्ति में कमी आई।

ब्लूमबर्ग न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इस महीने की शुरुआत में सामने आए दस्तावेजों से संकेत मिला था कि मेक्सिको ने कैरेबियाई देश को कच्चे तेल की आपूर्ति की कुछ योजनाओं पर पुनर्विचार किया है।

अमेरिका की यह चेतावनी सीधे तौर पर मेक्सिको को प्रभावित कर सकती है, जो अमेरिका का भी एक अहम तेल साझेदार है। हालांकि, ट्रंप के एग्जीक्यूटिव ऑर्डर के बाद अब तक मेक्सिको के विदेश मंत्रालय की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Comments are closed.