देवभूमि में कहर के बीच राहत के देवदूत, खोजी कुत्तों और ड्रोन के साथ चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

5

उत्तरकाशी में बादल फटने से मची तबाही, धराली गांव में बचाव कार्य तेज़

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में बादल फटने के बाद भारी तबाही देखने को मिली है। मंगलवार दोपहर खीरगंगा नदी में अचानक आई बाढ़ ने गांव का बड़ा हिस्सा तबाह कर दिया। मलबे और तेज़ बहाव की चपेट में आकर कई घर बिखर गए और सड़कें टूट गईं।

बुधवार को राहत और बचाव टीमों ने दो शव बरामद किए हैं, जबकि अब तक कुल 190 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। घटनास्थल पर सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। बिना रुके, बिना थके, टीमें मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश कर रही हैं।

हालांकि, रास्ते में कई चुनौतियां बनी हुई हैं। भटवाड़ी में उत्तरकाशी-हर्सिल मार्ग पूरी तरह बह चुका है, जिससे कुछ राहत टीमें रास्ते में ही फंसी हुई हैं। रास्ता फिर से बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर काम चल रहा है।

उत्तराखंड सरकार ने अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है और खुद राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

Comments are closed.