कनाडा में फिर भारतीय की हत्या: टोरंटो यूनिवर्सिटी कैंपस में PhD छात्र शिवांक को मारी गोली

2

कनाडा में एक बार फिर भारतीय नागरिक की हत्या का मामला सामने आया है।

टोरंटो यूनिवर्सिटी के स्कारबोरो कैंपस के पास 20 वर्षीय भारतीय पीएचडी छात्र शिवांक अवस्थी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में आरोपियों की तलाश के लिए जनता से मदद मांगी है।

डॉक्टरेट की पढ़ाई कर रहे शिवांक अवस्थी को मंगलवार, 23 दिसंबर को गोली लगने के बाद गंभीर हालत में पाया गया था। पुलिस के मुताबिक, यह मामला साल 2025 में टोरंटो का 41वां हत्याकांड है।

पुलिस ने क्या बताया?

टोरंटो पुलिस ने बुधवार को जारी आधिकारिक बयान में कहा,
“मंगलवार को दोपहर करीब 3:34 बजे, हाईलैंड क्रीक ट्रेल और ओल्ड किंग्स्टन रोड इलाके से एक कॉल मिली। मौके पर पहुंचने पर अधिकारियों ने बंदूक की गोली से गंभीर रूप से घायल एक युवक को देखा, जिसे घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया।”

पुलिस के अनुसार, अधिकारी जब तक मौके पर पहुंचे, संदिग्ध लोग इलाके से फरार हो चुके थे।

इस मामले से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए पुलिस ने लोगों से 416-808-7400, क्राइम स्टॉपर्स के गुमनाम नंबर 416-222-TIPS (8477) या www.222tips.com
पर संपर्क करने की अपील की है।

शिवांक अवस्थी की हत्या पर भारतीय दूतावास की प्रतिक्रिया

शिवांक अवस्थी की मौत पर भारत के टोरंटो स्थित महावाणिज्य दूतावास ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में दूतावास ने कहा कि वह पीड़ित परिवार के संपर्क में है और हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।

बयान में कहा गया,
“टोरंटो यूनिवर्सिटी के स्कारबोरो कैंपस के पास हुई गोलीबारी में युवा भारतीय डॉक्टरेट छात्र शिवांक अवस्थी की दुखद मृत्यु पर हम गहरा दुख व्यक्त करते हैं। वाणिज्य दूतावास इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ा है और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।”

एक हफ्ते पहले भी हुई थी भारतीय महिला की हत्या

गौरतलब है कि पिछले हफ्ते टोरंटो में 30 वर्षीय भारतीय महिला हिमांशी खुराना की भी हत्या कर दी गई थी। स्ट्रेचन एवेन्यू और वेलिंगटन स्ट्रीट वेस्ट इलाके से उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के एक दिन बाद पुलिस को उसका शव एक आवास से मिला था।

पुलिस ने इस मामले में 32 वर्षीय अब्दुल गफूरी के खिलाफ फर्स्ट-डिग्री मर्डर का वारंट जारी किया है। आरोपी टोरंटो का ही निवासी है और मृतका के साथ रिलेशनशिप में था।

कनाडा में लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने भारतीय छात्रों और प्रवासियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Comments are closed.