हरिद्वार अर्द्धकुंभ 2027: 21 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान, सुरक्षा के लिए 4 राज्यों से मांगी गई अतिरिक्त पुलिस फोर्स

1

हरिद्वार अर्द्धकुंभ 2027 की सुरक्षा के लिए व्यापक तैयारी, चार राज्यों से मांगा गया अतिरिक्त पुलिस बल

हरिद्वार में जनवरी 2027 से शुरू होने वाले अर्द्धकुंभ को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार धार्मिक आयोजन में 15 से 21 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। संभावित भीड़ को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने चार पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश से अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की है। सुरक्षा के लिए नागरिक पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, फायर सर्विस, इंटेलिजेंस और पीएसी की तैनाती की योजना बनाई गई है।

पुलिस विभाग ने सबसे अधिक बल की मांग उत्तर प्रदेश से की है। यहां से नागरिक पुलिस के 2,195 जवान, ट्रैफिक पुलिस के 330, फायर सर्विस के 187 और इंटेलिजेंस के 200 कर्मियों के अलावा पीएसी की 48 कंपनियां मांगी गई हैं। इनमें 45 पुरुष, दो महिला और एक फ्लड कंपनी शामिल है।

हरियाणा से नागरिक पुलिस के 1,105 जवान, ट्रैफिक पुलिस के 65, फायर सर्विस के 100 और इंटेलिजेंस के 45 कर्मियों के साथ पीएसी की 12 कंपनियों की मांग की गई है। दिल्ली से 55 नागरिक पुलिसकर्मी, 65 ट्रैफिक पुलिसकर्मी, 58 फायरकर्मी और 18 इंटेलिजेंस कर्मियों की आवश्यकता जताई गई है।

वहीं, हिमाचल प्रदेश से नागरिक पुलिस के 555 जवान, ट्रैफिक पुलिस के 65, फायर सर्विस के 36 और इंटेलिजेंस के 18 कर्मियों के साथ पीएसी की 12 कंपनियां उपलब्ध कराने को कहा गया है।

घुड़सवार पुलिस और विशेष सुरक्षा दस्तों की भी होगी तैनाती

अर्द्धकुंभ के दौरान भीड़ नियंत्रण और निगरानी के लिए घुड़सवार पुलिस की टीमें भी तैनात की जाएंगी। उत्तर प्रदेश से 15 घोड़े और 35 जवान, मध्य प्रदेश से 20 घोड़े और 20 जवान तथा राजस्थान से 20 घोड़े और 20 जवान बुलाए जाएंगे।

इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पहले और दूसरे चरण में आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) की छह टीमें तैनात रहेंगी। प्रत्येक टीम में 12 जवान होंगे। राष्ट्रीय सुरक्षा गारद (NSG) की छह टीमों के साथ साइबर कमांडो की 25 टीमें भी सुरक्षा मोर्चे पर सक्रिय रहेंगी।

2010 के कुंभ से डेढ़ गुना अधिक पुलिस बल की तैयारी

सुरक्षा बलों की तैनाती का पैमाना पिछले आयोजनों की तुलना में काफी बड़ा रखा गया है। वर्ष 2010 के कुंभ मेले में लगभग 4.35 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया था, जबकि वर्ष 2027 के अर्द्धकुंभ में 15 से 21 करोड़ लोगों के पहुंचने का अनुमान है। इसी संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए पिछली बार की तुलना में करीब डेढ़ गुना अधिक पुलिस बल तैनात करने की योजना बनाई गई है।

पुलिस विभाग के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, आयोजन के लिए नागरिक पुलिस के 6,393 निरीक्षक, उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी और आरक्षियों की आवश्यकता होगी। इसके अतिरिक्त पीएसी की 54 सामान्य कंपनियां, तीन महिला पीएसी कंपनियां, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 100 कंपनियां और होमगार्ड व प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के 4,000 जवान तैनात किए जाएंगे।

Comments are closed.