ट्रंप का मैक्रों पर हमला: ‘पेरिस जल्द बन जाएगा मुस्लिम शहर’, फ्रांस में हिंसा के लिए इमिग्रेशन को ठहराया जिम्मेदार

4

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने फ्रांस में हाल के दिनों में हुई हिंसा और विरोध प्रदर्शनों के लिए आप्रवासन को जिम्मेदार ठहराते हुए राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पर निशाना साधा है।

ट्रंप ने यूरोपीय देशों से अपनी सीमाओं पर सख्ती बढ़ाने और अपराधियों को देश से बाहर निकालने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर यूरोप ने समय रहते कदम नहीं उठाए, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

‘पेरिस जल्द बन जाएगा मुस्लिम शहर’
ट्रंप ने सोमवार को कहा कि फ्रांस में हो रही घटनाओं का संबंध इमिग्रेशन से है, न कि स्कूलों या अन्य मुद्दों से। उन्होंने मैक्रों के साथ अपनी बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने फ्रांसीसी राष्ट्रपति को सीमाएं बंद करने की सलाह दी थी।

ट्रंप ने दावा किया कि फ्रांस में दुनिया भर से लोगों को आने देने की नीति एक बड़ी गलती है। उन्होंने कहा कि अगर यही स्थिति बनी रही, तो पेरिस जल्द ही एक मुस्लिम शहर बन जाएगा। साथ ही उन्होंने यूरोप को आगाह किया कि सीमाओं को सुरक्षित नहीं किया गया और अपराधियों को बाहर नहीं निकाला गया, तो महाद्वीप का भविष्य खतरे में पड़ सकता है।

हिंसक प्रदर्शनों के बाद फ्रांस में सख्ती की तैयारी
फ्रांस में महंगाई, बढ़ते जीवन-यापन के खर्च और स्कूलों की स्थिति को लेकर शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों ने कई शहरों में हिंसक रूप ले लिया। इसके बाद सरकार ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े कदम उठाने का फैसला किया।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पेरिस, लिली और नीस समेत कई शहरों के संवेदनशील इलाकों में तोड़फोड़ और लूटपाट की घटनाओं के बाद रात में कर्फ्यू लगाया गया। यह कदम प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नु के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन ने उठाया।

प्रधानमंत्री लेकोर्नु ने हालांकि पूरे देश में पूर्ण कर्फ्यू लगाने से इनकार किया, लेकिन स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर आपातकाल लागू करने की संभावना से इनकार नहीं किया। उन्होंने हिंसा में शामिल लोगों को लुटेरा और दंगाई बताते हुए कहा कि आरोपियों की पहचान करने के लिए 200 से अधिक जांचकर्ताओं को तैनात किया गया है।

Comments are closed.