दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमले की साजिश में बड़ा खुलासा हुआ है।
मुख्य आरोपी राजेश चाकू लेकर आया था, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था देखकर उसने हमला टाल दिया। दिल्ली पुलिस ने राजेश के साथी और मामले के एक और आरोपी तहसीन सैय्यद को गुजरात के राजकोट से गिरफ्तार कर दिल्ली लाया। तहसीन पर आरोप है कि उसने हमले की योजना में राजेश की मदद की और उसे आर्थिक सहायता भी दी; पूछताछ में पता चला कि तहसीन ने राजेश को ₹2000 ट्रांसफर किए थे, जिससे वह दिल्ली में रह सके।
पुलिस के अनुसार, राजेश मुख्यमंत्री आवास पर जाने से पहले सुप्रीम कोर्ट भी गया था, लेकिन वहां की कड़ी सुरक्षा देखकर वह लौट आया और शालीमार बाग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचा। सूत्रों के अनुसार, राजेश ने मुख्यमंत्री पर चाकू से हमला करने की योजना बनाई थी, लेकिन सुरक्षा को देखकर उसने चाकू सिविल लाइन्स इलाके में ही फेंक दिया।
इस मामले में अब तक दो गिरफ्तारियां हो चुकी हैं—मुख्य आरोपी राजेश और उसका सहयोगी तहसीन। इसके अलावा, पुलिस ने राजेश के पांच अन्य दोस्तों से भी पूछताछ की है। तहसीन से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरी साजिश को उजागर करने में लगी हुई है।
Comments are closed.