ट्रंप भाषण एडिटिंग विवाद के बाद BBC में भूचाल — डायरेक्टर-जनरल और न्यूज प्रमुख दोनों ने दिया इस्तीफा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भाषण की एडिटिंग को लेकर बढ़े विवाद ने ब्रिटेन के सार्वजनिक प्रसारक BBC को हिला दिया है। रविवार को BBC के डायरेक्टर-जनरल टिम डेवी और न्यूज प्रमुख डेबोरा टर्नेस ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया।
क्या है मामला
विवाद उस डॉक्यूमेंट्री से जुड़ा है जिसमें 6 जनवरी 2021 के ट्रंप भाषण का एक हिस्सा एडिट किया गया था। आलोचकों का कहना है कि BBC ने वह हिस्सा हटा दिया जिसमें ट्रंप ने अपने समर्थकों से “शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने” की अपील की थी। इससे भाषण का अर्थ बदल गया और BBC पर राजनीतिक पूर्वाग्रह के आरोप लगने लगे।
BBC पर बढ़ा दबाव
एडिटिंग विवाद के बाद BBC को लंबे समय से आलोचना का सामना करना पड़ रहा था। संस्था की संपादकीय निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर सवाल उठे। इस बढ़ते दबाव के बीच टिम डेवी ने इस्तीफा देने का फैसला किया। उन्होंने स्टाफ को लिखे पत्र में कहा,
“पांच साल पूरे होने के बाद मुझे लगता है कि अब समय है पद छोड़ने का। मैं बोर्ड के साथ मिलकर नए डायरेक्टर-जनरल के चयन और संक्रमण प्रक्रिया को सुचारू बनाने में सहयोग करूंगा।”
डेबोरा टर्नेस ने भी छोड़ा पद
BBC न्यूज प्रमुख डेबोरा टर्नेस ने भी अपने इस्तीफे में लिखा कि ट्रंप डॉक्यूमेंट्री विवाद अब उस स्तर पर पहुंच गया है जहां यह BBC की छवि को नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा,
“BBC न्यूज और करेंट अफेयर्स की CEO होने के नाते अंतिम जिम्मेदारी मेरी है।”
क्या है ट्रंप कनेक्शन?
6 जनवरी 2021 की घटना, जब ट्रंप समर्थकों ने अमेरिकी कैपिटल बिल्डिंग पर हमला किया, अमेरिकी राजनीति का सबसे विवादास्पद पल माना जाता है। ट्रंप उस दिन दिए गए अपने भाषण को लेकर पहले ही आलोचना झेल चुके हैं। BBC की डॉक्यूमेंट्री में इसी भाषण की एडिटिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद अब ब्रिटेन के सार्वजनिक प्रसारक के शीर्ष नेतृत्व को भी अपने साथ ले डूबा है।
Comments are closed.