सोनम रघुवंशी केस में जांच की आंच गोविंद तक, ईडी भी सक्रिय; हवाला लेनदेन और कोडवर्ड मिले राज के मोबाइल में
राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी के साथ-साथ अब उसका भाई गोविंद रघुवंशी भी जांच एजेंसियों के रडार पर आ गया है। अपराध शाखा और शिलांग पुलिस द्वारा पकड़े गए राज कुशवाहा के मोबाइल फोन से हवाला लेनदेन से जुड़े अहम सुराग मिले हैं, जिसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी मामले में जांच शुरू कर दी है।
हवाला ट्रांजैक्शन का कोडवर्ड: 10 रुपये का नोट
जांच के दौरान पुलिस को राज के मोबाइल में हवाला नेटवर्क से जुड़ी बातचीत और संदिग्ध लेनदेन के साक्ष्य मिले हैं। इनमें 10 रुपये के नोट की तस्वीरें भी शामिल थीं, जिन्हें कथित तौर पर कोडवर्ड के रूप में इस्तेमाल किया गया था। पूछताछ में राज ने कबूल किया है कि वह सोनम और गोविंद के साथ मिलकर हवाला के ज़रिए पैसे का लेनदेन करता था।
गोविंद रघुवंशी ‘श्री बालाजी एक्टिरियो’ के नाम से प्लायवुड और लेमिनेशन का कारोबार करता है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि इसी बिज़नेस को हवाला ट्रांजैक्शन की आड़ के तौर पर इस्तेमाल किया गया।
ईडी ने मांगी विस्तृत जानकारी, खातों की हो रही पड़ताल
अपराध शाखा द्वारा हवाला नेटवर्क और नकद लेनदेन से जुड़ी जानकारी ईडी को भेज दी गई है। इसके बाद एजेंसी ने इस केस से जुड़ी बैंक डिटेल्स और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की मांग की है। जांच के दायरे में जितेंद्र रघुवंशी के बैंक खाते भी आ गए हैं—जिनसे कथित तौर पर सोनम ने लेनदेन किया था। जितेंद्र, गोविंद का रिश्तेदार है।
शिलांग पुलिस ने अब गोविंद रघुवंशी को पूछताछ के लिए औपचारिक रूप से तलब किया है।
गोविंद के बयानों में विरोधाभास, सोनम के नार्को टेस्ट की मांग
मृतक राजा रघुवंशी के भाई सचिन और विपिन ने सोनम रघुवंशी के नार्को टेस्ट की मांग की है। उनका कहना है कि सोनम के परिवार—खासतौर पर उसकी मां—को सोनम और राज के रिश्ते की पूरी जानकारी थी, लेकिन इसे जानबूझकर छिपाया गया।
सगाई के बाद सोनम के पिता देवी सिंह ने सभी कर्मचारियों से राजा की मुलाकात कराई, लेकिन राज को हमेशा एक कर्मचारी के तौर पर पेश किया और उससे जुड़ी भावनात्मक नज़दीकियों को छुपाते रहे। राज के स्वजनों का आरोप है कि गोविंद के बयानों में भी कई विरोधाभास हैं, जिससे उसकी भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Comments are closed.