गौरव खन्ना ने जीता ‘बिग बॉस 19’ का खिताब, ट्रॉफी के साथ मिले 50 लाख और कार
‘बिग बॉस 19’ का विजेता बनने के साथ गौरव खन्ना ने अपने शांत, संयमित और रणनीतिक खेल का मुकाम हासिल किया। लंबे और चुनौतीपूर्ण सफर के बाद उन्होंने ट्रॉफी के साथ 50 लाख रुपये नकद और एक कार जीती।
पूरे सीज़न के दौरान घर में टकराव और विवाद जारी रहे, लेकिन गौरव ने लगातार धैर्य और गरिमा बनाए रखी। उन्होंने अनावश्यक झगड़ों से दूरी बनाई और सही समय पर सही फैसले लेने की क्षमता से दर्शकों का भरोसा जीता। ‘टिकट टू फिनाले’ टास्क में उनका प्रदर्शन निर्णायक रहा, जहां उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी संतुलन और धैर्य नहीं खोया और सीधे फिनाले की दौड़ में जगह बनाई।
वीकेंड का वार में सलमान खान द्वारा गौरव को “टीवी का सुपरस्टार” कहना उनके सफर का एक बड़ा पल रहा। शो में कुछ प्रतिभागियों ने उनके टीवी करियर को लेकर टिप्पणियां की थीं, लेकिन सलमान ने उनके दो दशक के सफर की खुले मंच पर सराहना की, जिससे दर्शक गौरव के और करीब आ गए।
गौरव ने शो में अपनी दोस्ती भी मजबूती से निभाई। प्रणीत मोरे और मृदुल तिवारी के साथ उनका रिश्ता सादगी और भरोसे पर टिका रहा। निजी फैसलों पर ईमानदारी से बोलने की उनकी क्षमता ने भी दर्शकों को प्रभावित किया। सलमान खान ने उनकी सकारात्मकता को देखते हुए उन्हें “ग्रीन फ्लैग एम्बेसडर” कहा।
अंततः गौरव खन्ना ने साबित किया कि धैर्य, सम्मान और सच्चाई के साथ भी ‘बिग बॉस’ जीता जा सकता है।
Comments are closed.