बिहार चुनावी मोर्चे पर अमित शाह की एंट्री, साधु-संतों और कार्यकर्ताओं संग बनाएंगे रणनीति
केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के रणनीतिकार अमित शाह बुधवार देर शाम पटना पहुंचे। आज वह रोहतास के डेहरी और बेगूसराय में दो अहम बैठकों में हिस्सा लेकर चुनावी तैयारी का जायज़ा लेंगे। शाह इन बैठकों में सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ पदाधिकारियों से फीडबैक लेंगे और चुनावी टिप्स भी देंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने राज्य को पांच क्षेत्रों में बांटकर रणनीति तैयार की है। गुरुवार को शाह दो क्षेत्रों की बैठक करेंगे। डेहरी वाली बैठक में रोहतास, कैमूर, आरा, बक्सर, गया, नवादा, जहानाबाद, अरवल और औरंगाबाद के नेताओं से चर्चा होगी। बेगूसराय की बैठक में पटना ग्रामीण, महानगर, नालंदा, मुंगेर, जमुई, लखीसराय और खगड़िया के नेताओं से चुनावी तैयारी और संभावित प्रत्याशियों पर मंथन होगा।
चुनावी अभियान को तेज़ करने के लिए शाह 18 से 25 सितंबर तक चलने वाले बीजेपी के घर-घर संपर्क अभियान को भी धार देंगे। इसके तहत पटना में वह 8,000 से 10,000 साधु-संतों के महासम्मेलन में शामिल होकर समर्थन जुटाने की कोशिश करेंगे।
कांग्रेस और आरजेडी महागठबंधन पहले से ही ज़मीन पर सक्रिय है, लेकिन बीजेपी ने भी अमित शाह को मैदान में उतारकर चुनावी जंग को और दिलचस्प बना दिया है।
Comments are closed.