राज्यसभा में BJP का आंकड़ा फिर 100 के पार, तीन मनोनीत सांसद पार्टी में शामिल

3

राज्यसभा में भाजपा फिर 100 के पार, तीन मनोनीत सांसदों के शामिल होने से संख्या 102 हुई

राज्यसभा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ताकत एक बार फिर 100 के पार पहुंच गई है। हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा मनोनीत किए गए तीन सदस्यों—प्रसिद्ध अधिवक्ता उज्ज्वल निकम, पूर्व राजनयिक हर्षवर्धन शृंगला और केरल के सामाजिक कार्यकर्ता सदानंदन मास्टर—ने भाजपा का दामन थाम लिया है। इनकी पार्टी में आधिकारिक एंट्री के बाद भाजपा के राज्यसभा सांसदों की संख्या बढ़कर 102 हो गई है।

मनोनीत सदस्य और उनका राजनीतिक जुड़ाव

उज्ज्वल निकम महाराष्ट्र के चर्चित अभियोजक रहे हैं और पूर्व में भाजपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं, हालांकि उन्हें जीत नहीं मिली थी। अब वे उच्च सदन में भाजपा की ओर से सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन शृंगला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी माने जाते हैं और अमेरिका में आयोजित ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम में उनकी प्रमुख भूमिका रही थी। वहीं, सदानंदन मास्टर लंबे समय से केरल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं और राज्य में संगठन की मजबूती में अहम योगदान दिया है।

भाजपा फिर 100 के पार

भाजपा ने पहली बार अप्रैल 2022 में राज्यसभा में 100 का आंकड़ा पार किया था। हालांकि, समय के साथ संख्या में कमी आई और पिछले सप्ताह तक यह घटकर 99 रह गई थी। अब तीन नए मनोनीत सांसदों के भाजपा से जुड़ने के बाद यह संख्या 102 पहुंच गई है, जिसमें 5 मनोनीत सदस्य भी शामिल हैं।

कांग्रेस का ऐतिहासिक रिकॉर्ड

राज्यसभा में बहुमत के मामले में कांग्रेस अब भी ऐतिहासिक रिकॉर्ड रखती है। वर्ष 1988-90 के बीच उसके 108 सांसद राज्यसभा में थे। हालांकि, समय के साथ पार्टी की उपस्थिति में गिरावट दर्ज की गई।

Comments are closed.