भोजपुर में शादी समारोह के दौरान खूनी वारदात, तीन दोस्तों को मारी गोली; दो की मौत

2

बिहार के भोजपुर जिले में एक शादी समारोह के दौरान हुई गोलीबारी ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।

आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव में मंगलवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने तीन युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। इस हमले में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

अचानक हुई फायरिंग से शादी समारोह में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। दहशत में आए मेहमान अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मृतकों की पहचान शुभकरणगंज निवासी 18 वर्षीय राहुल कुमार और 22 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है।

गोलीबारी में घायल तीसरे युवक की पहचान दौलतपुर निवासी 18 वर्षीय सोनू कुमार के तौर पर हुई है। उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है।

मामा की बेटी की शादी में पहुंचे थे तीनों दोस्त

जानकारी के अनुसार, राहुल, दीपक और सोनू अपने मामा की बेटी की शादी में शामिल होने बीबीगंज चकिया गांव आए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका कुछ लोगों से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और हथियारबंद हमलावरों ने तीनों युवकों को निशाना बनाकर गोलियां चला दीं।

फायरिंग में राहुल और दीपक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सोनू गोली लगने से घायल हो गया। घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।

पुरानी रंजिश के एंगल से भी जांच

पुलिस की शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पुराने विवाद या आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, गोलीबारी की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखे और एक पिलेट बरामद किया है।

आरोपितों की तलाश में एसआईटी गठित

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार के अनुसार, आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। वहीं, घायल सोनू का आरा सदर अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई गई है।

Comments are closed.