भारत-कनाडा रिश्तों में नई ऊर्जा भरने के लिए कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद रविवार को नई दिल्ली पहुंचेंगी। उनकी इस यात्रा का उद्देश्य व्यापार, निवेश, ऊर्जा और सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग को और गहराना है।
अधिकारियों के अनुसार, आनंद विदेश मंत्री एस. जयशंकर और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के साथ व्यापक बातचीत करेंगी, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और नई रणनीतिक साझेदारियों को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान रहेगा।
अनीता आनंद की यह तीन देशों की यात्रा है, जिसमें भारत उनका पहला पड़ाव होगा। इसके बाद वह सिंगापुर और चीन जाएंगी। मुंबई में वह भारतीय और कनाडाई कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगी, जहां निवेश, रोजगार सृजन और आर्थिक अवसरों पर चर्चा होगी।
यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब तीन हफ्ते पहले कनाडा की राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नथाली ड्रोइन ने भारत का दौरा किया था और अपने भारतीय समकक्ष अजीत डोभाल के साथ सुरक्षा सहयोग पर विचार-विमर्श किया था। उसी बैठक के कुछ दिनों बाद कनाडा ने लारेंस बिश्नोई गिरोह को आतंकवादी संगठन घोषित किया था।
Comments are closed.