मेक्सिको के गुआनाजुआटो में सामूहिक गोलीबारी, 12 की मौत, 20 घायल
गुआनाजुआटो (मेक्सिको): मेक्सिको के गुआनाजुआटो राज्य में देर रात एक धार्मिक समारोह के दौरान अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी, जिसमें कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और करीब 20 अन्य घायल हो गए। यह हमला उस समय हुआ जब लोग सेंट जॉन द बैपटिस्ट के पर्व पर सड़क पर नाच-गाने और जश्न में शामिल हो रहे थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के दौरान अफरा-तफरी मच गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे जश्न के बीच अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी, और लोग चीखते-चिल्लाते हुए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
इरापुआटो शहर के एक वरिष्ठ अधिकारी रोडोल्फो गोमेज़ सर्वेंट्स ने पुष्टि की कि मरने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हैं और कई की हालत गंभीर बनी हुई है। राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है।
यह घटना गुआनाजुआटो में हिंसा की बढ़ती घटनाओं की कड़ी में एक और झटका है। पिछले महीने भी राज्य के सैन बार्टोलो डे बेरियोस इलाके में एक कैथोलिक कार्यक्रम के दौरान गोलीबारी हुई थी, जिसमें सात लोग मारे गए थे।
गौरतलब है कि गुआनाजुआटो, जो मेक्सिको सिटी के उत्तर-पश्चिम में स्थित है, लंबे समय से संगठित अपराध और गैंग हिंसा का केंद्र रहा है। वर्ष 2025 के पहले पांच महीनों में ही इस राज्य में 1,435 हत्याएं दर्ज की गईं, जो देश के किसी भी अन्य राज्य से कहीं अधिक हैं।
Comments are closed.