चीन ने परमाणु पनडुब्बी से दागी बैलिस्टिक मिसाइल, प्रशांत महासागर में परीक्षण से बढ़ी चिंता

0

चीन ने परमाणु पनडुब्बी से बैलिस्टिक मिसाइल का किया परीक्षण, विशेषज्ञ बोले- अमेरिका को रणनीतिक संदेश

चीन ने प्रशांत महासागर में परमाणु ऊर्जा से संचालित पनडुब्बी से लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण कर अपनी सामरिक क्षमता का प्रदर्शन किया है। परमाणु क्षमता वाली इस मिसाइल का परीक्षण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। जापान, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड ने इस कदम पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में सैन्य तनाव बढ़ सकता है।

चीनी सेना पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) ने इस परीक्षण को अपने नियमित रणनीतिक प्रशिक्षण का हिस्सा बताया। सेना के मुताबिक, परमाणु पनडुब्बी से डमी वारहेड वाली रणनीतिक बैलिस्टिक मिसाइल दागी गई, जिसने प्रशांत महासागर के खुले समुद्री क्षेत्र में निर्धारित लक्ष्य को सफलतापूर्वक भेदा। चीन का कहना है कि परीक्षण अंतरराष्ट्रीय कानून और स्थापित प्रक्रियाओं के अनुरूप किया गया।

हालांकि, रक्षा विशेषज्ञ इस परीक्षण को केवल नियमित सैन्य अभ्यास नहीं मान रहे हैं। कार्नेगी एंडोमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस के वरिष्ठ परमाणु नीति विशेषज्ञ टोंग झाओ के अनुसार, इस परीक्षण का सबसे बड़ा संदेश यह है कि चीन तेजी से अपनी रणनीतिक परमाणु क्षमता को मजबूत कर रहा है और वैश्विक स्तर पर एक शक्तिशाली सैन्य ताकत के रूप में उभरना चाहता है।

वहीं, ऑस्ट्रेलिया की क्राफर्ड स्कूल ऑफ पब्लिक पॉलिसी के शोधकर्ता डोमिनिक मेघेरे का कहना है कि यह परीक्षण चीन की दूसरे हमले (Second Strike Capability) की क्षमता को दर्शाता है। यानी यदि चीन पर पहले परमाणु हमला होता है, तब भी वह समुद्र में तैनात अपनी परमाणु पनडुब्बियों के जरिए प्रभावी जवाबी हमला करने में सक्षम रहेगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस परीक्षण का सबसे स्पष्ट रणनीतिक संदेश अमेरिका के लिए है। इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच चीन यह संकेत देना चाहता है कि उसकी परमाणु प्रतिरोधक क्षमता लगातार मजबूत हो रही है और वह समुद्र आधारित परमाणु हथियार प्रणाली को भी तेजी से विकसित कर चुका है।

यह परीक्षण ऐसे समय हुआ है, जब इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में चीन और अमेरिका के बीच सामरिक प्रतिस्पर्धा लगातार तेज होती जा रही है और क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर कई देश पहले से ही चिंतित हैं।

Comments are closed.