देश के अधिकांश हिस्सों में ठंड का असर लगातार तेज होता जा रहा है। शीतलहर और घने कोहरे के चलते तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने आज भी कई राज्यों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 13 दिसंबर को कर्नाटक, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है।
उत्तर भारत में कोहरे की मार
IMD ने 13 से 15 दिसंबर के बीच उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। खासतौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में भी कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्यों में आने वाले कुछ दिनों तक बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बारिश की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी से ठंड और बढ़ सकती है।
दिल्ली-NCR में बढ़ी ठंड के साथ प्रदूषण
दिल्ली और आसपास के इलाकों में ठंड के साथ-साथ वायु प्रदूषण भी गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। 400 AQI के साथ नोएडा देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर बन गया है। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण दिल्ली-NCR में ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में करीब 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 13 से 15 दिसंबर तक शीतलहर का असर जारी रहने की संभावना है, जिससे लोगों को गलन और कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
बिहार में मौसम का हाल
बिहार की राजधानी पटना समेत भागलपुर, पूर्णिया, गया और आरा में सुबह घने कोहरे के साथ शुरुआत हुई। पछुआ हवाओं के प्रभाव से राज्य में ठंड में इजाफा हुआ है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं, मौसम विभाग ने कई इलाकों में शाम के समय धुंध छाए रहने की भी संभावना जताई है।
Comments are closed.