उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का दौर शुक्रवार को भी जारी रहा। कश्मीर के अलावा कई राज्यों में रात का तापमान शून्य के आसपास या उससे नीचे दर्ज किया गया।
पंजाब के एसबीएस नगर (नवांशहर) जिले का बल्लोवाल सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 4.3 डिग्री कम रहा और इस सीजन में न्यूनतम तापमान में अब तक की सबसे बड़ी गिरावट मानी जा रही है।
पंजाब-हरियाणा में पारा लुढ़का
पंजाब के सात जिलों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। गुरदासपुर में 2.7, बठिंडा में 3.0 और अमृतसर में 3.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हरियाणा का भिवानी 1.5 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अंबाला में न्यूनतम तापमान 5.8, गुरुग्राम और फरीदाबाद में 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों के कई इलाकों में सुबह के समय कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रही।
राजस्थान में भी सर्दी का असर बरकरार
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी से राहत नहीं मिली है। अलवर, नागौर, फतेहपुर और करौली सहित चार स्थानों पर न्यूनतम तापमान करीब तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली में शीतलहर से हल्की राहत
लगातार पांच दिनों की शीतलहर के बाद शुक्रवार को राजधानी दिल्ली में तापमान में मामूली सुधार देखा गया। दिन में धूप निकलने से ठंड से कुछ राहत मिली। न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम रहा।
सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। आईजीआई एयरपोर्ट पर सुबह साढ़े सात बजे दृश्यता घटकर 150 मीटर रह गई। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए मध्यम से घने कोहरे और दिन में आंशिक रूप से बादल रहने का येलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है।
कश्मीर में बर्फबारी से ठंड बढ़ी
चिल्ले कलां के बीच कश्मीर घाटी में शीतलहर ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया। सोनमर्ग सहित ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई, जिससे दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 1.5, पहलगाम में माइनस 2.6, गुलमर्ग में माइनस 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में न्यूनतम तापमान 4.7 और कटड़ा में 2.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
उत्तराखंड में बर्फबारी का इंतजार
उत्तराखंड में सुबह और शाम कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित है। मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है, जबकि कई क्षेत्रों में शीतलहर और शीत दिवस जैसी स्थिति बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी तथा निचले इलाकों में वर्षा का पूर्वानुमान जताया है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल में हल्का हिमपात
हिमाचल प्रदेश में रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा और कुंजम दर्रे में हल्का हिमपात दर्ज किया गया। प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहे, हालांकि अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा नहीं हुई। पर्यटक, किसान और बागवान बर्फबारी और बारिश का इंतजार कर रहे हैं। शुक्रवार शाम को ऊंची चोटियों, दारचा घाटी, मयाड़ और कोकसर घाटी में भी हिमपात हुआ, जिससे लाहुल-स्पीति और मनाली में बर्फबारी की उम्मीद बढ़ गई है।
Comments are closed.